बागेश्वर के शामा में पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, छह सवार घायल, सीएचसी में चल रहा उपचार
रमाड़ी से शामा आ रहा पिकअप वाहन शामा पहुंचने से पहले खाई में गिर गया। इस घटना में छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 आपात वाहन के माध्मय से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : शामा पुलिस चोकी क्षेत्र के अंतर्गत रमाड़ी से शामा आ रहा पिकअप वाहन शामा पहुंचने से पहले खाई में गिर गया। इस घटना में छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 आपात वाहन के माध्मय से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया गया। डाक्टरों ने सभी घायलों का इलाज किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
सोमवार की सुबह एक पिकअप वाहन परिवार के ही बच्चों को लेकर रमाड़ी से शाम की ओर आ रहा था। इसमें परिवार के ही बच्चे शामा इंटर कालेज पढ़ने आ रहे थे। शामा पहुंचने से पहले वाहन चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। इस हादसे में रमाड़ी निवासी चालक आनंद सिंह पुत्र गोविंद सिंह, मेहरबान सिंह पुत्र खुशाल सिंह, गिरीश सिंह पुत्र धन सिंह, दीपक सिंह पुत्र नंदन सिंह, रविंद्र सिंह पुत्र नंदन सिंह तथा चंचल सिंह पुत्र धन सिंह घायल हो गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और 108 आपात सेवा को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक घायल खाई से सड़क तक पहुंच गए थे। इसके बाद 108 के माध्यम से उन्हें सीएचसी कपकोट लाया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी बीएस रावत ने बताया कि सभी घायलों का उपचार चल रहा है। सभी खतरे से बाहर हैं। उन्हें जल्दी अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। इधर, थानाध्यक्ष कपकोट मदन लाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है।