Uttarakhand Lockdown Update : महानगरों में फंसे लोग, प्रशासन से लगा रहे मदद की गुहार
महानगरों में फंसे लोगों को लॉकडाउन में सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड रहा है। सब कुछ ठप होने के कारण उत्तराखंड के लोग दिल्ली-मुंबई जैसे महानगरों में फंसे हुए हैं
नैनीताल, जेएनएन : महानगरों में फंसे लोगों को लॉकडाउन में सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड रहा है। सब कुछ ठप होने के कारण उत्तराखंड के लोग दिल्ली-मुंबई जैसे महानगरों में फंसे हुए हैं, वैसे ही दूसरे प्रदेशों के लोग रुद्रपुर, काशीपुर, हल्द्वानी और देहरादून जैसे शहरों में फंसे हुए है। इनमें ज्यादातर नौकरी पेशा और पढने वाले लोग हैं। रेस्टोरेंट और ढाबों पर खाने वालों को तत्काल सरकारी मदद या कोई वैकल्पिक व्यवस्था न हो पाने के कारण दिक्कतों का सामना करना पडा है। लॉकडाउन के कारण परिवहन की सुविधाएं ठप पडी हैं। लोगों को घरों से निकलने की मनाही है। ऐसे में लोग अपने घरों को जाने के लिए प्रशासन से अनुमति लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
कंट्रोल रूम पहुंचकर मांग रहे मदद
कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए घोषित लॉकडाउन में गैर प्रदेशों के बड़ी संख्या में लोग ऊधमसिंहनगर जिले में फंसे हुए हैं । इन सभी की सहायता के लिए कलेक्ट्रेट में वार रूम बनाया गया है । जहां गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग जिले से अपने घर जाने के लिए आवेदन कर अनुमति मांगने के लिए पहुंचे है। इनमें कई ने अपने पारिवारिक सदस्यों के बीमार होने का और दूसरे कारणों का हवाला दे रहा है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है, जितना संभव हो सकेगा लोगों की मदद की जाएगी। लोग परेशान न हाें धैर्य रखें। सरकार मदद करने की हर संभव कोशिश कर रही है।
दिल्ली बस अड्डे पर फंसें हैं उत्तराखंड के लोग
घर लौटते समय अचानक से लॉकडाउन की घोषणा पर उत्तराखंड के 97 निवासी आनंद बिहार बस अड्डे पर फंसे हुए हैं। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सांसद अजय भट्ट ने बताया कि बस अड्डे पर फंसे लोगों से संपर्क किया गया है। सांसद भट्ट ने इस विषय में प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी वार्ता की है। मुख्यमंत्री ने स्थानीय उपायुक्त को हर संभव सहायता के निर्देश दिए हैं। सांसद भट्ट ने बताया कि इस समय देहरादून, ऋषिकेश से 27, चंपावत, टनकपुर, लोहाघाट के 30, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, बागेश्वर के 31 और नैनीताल के एक ही परिवार के नौ लोग दिल्ली में फंसे हुए हैं। प्रदेश सरकार की सहायता से सभी को गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
दो बसों से पहड भेजे गए यात्री
लॉकडाउन के कारण महानगरों में काम ठप होने के कारण लौट रहे लोगों को प्रशासन की ओर से उन्हें गंतव्य की ओर भेजने के प्रयास निरंतर हो रहे हैं। परिवहन निगम सहायक महाप्रबन्धक सुरेश चौहान ने बताया कि प्रशासन के आदेश के बाद दो बसों में पिथौरागढ़ और बागेश्वर के लिए फंसे यात्रियों को रवाना किया गया। दाेनों बसों में करीब 66 यात्री मौजूद रहे। निगम के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी रमेश रौतेला यात्रियों के फोन नंबर द दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें उनके गंतव्य की ओर रवाना किया।
यह भी पढें
= कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने कहा- घबराएं नहीं, उत्तराखंड में भरपूर खाद्यान्न
= सासंद भट्ट ने पूरी सांसद निधि और नेता प्रतिपक्ष ने 15 लाख मदद के लिए जारी किए