संदिग्ध हालात में ओमेक्स के सुरक्षा गार्ड की मौत, शरीर पर चोट के निशान नहीं
संदिग्ध हालात में ओमेक्स के सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। इसका पता चलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं हैं।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : संदिग्ध हालात में ओमेक्स के सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। इसका पता चलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं हैं।
ग्राम सौरा सरोली, चकरौता, देहरादून निवासी 55 साल के लक्ष्मण सिंह पुत्र उमराव सिंह ओमेक्स में सुरक्षा गार्ड थे। वह ओमेक्स में ही साथी सुरक्षा गार्ड सितारगंज के बरूवा बाग निवासी बाबूलाल के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह बाथरूम से आने के बाद लक्ष्मण सिंह की हालत बिगड़ गई। इस पर उन्होंने बाबू लाल को बेचैनी होने की बात बताई। जिसके बाद बाबू लाल उन्हें उपचार के लिए ई-रिक्शा से जिला अस्पताल ले आए।
जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पंतनगर थाने के एसआई प्रकाश सिंह बिष्ट पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही मृतक के स्वजनों को दूरभाष पर घटना की जानकारी दी। लक्ष्मण सिंह की मौत की खबर सुनते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसआई प्रकाश सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक के शरीर में किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
कैंसर से भीमताल में तैनात महिला कांस्टेबल की मौत
भीमताल थाने में तैनात महिला कांस्टेबल की कैंसर से मौत हो गई। जिससे मृतका के स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है। एसआई प्रकाश सिंह बिष्ट ने बताया कि 46वीं वाहिनी पीएसी में योगराज सिंह तैनात हैं। उनके पत्नी 53 साल की माया देवी भी महिला कांस्टेबल थी और भीमताल में तैनात थी। बताया कि माया देवी लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थी। इस पर योगराज अन्य स्वजनों के साथ उसे उपचार के लिए मुरादाबाद ले गए थे। रविवार रात वे लोग वापस घर लौट रहे थे कि रास्ते में रामपुर में माया देवी की मौत हो गई। सोमवार सुबह सूचना पर सिडकुल चौकी पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।