फोन पर पति से विवाद के बाद नवविवाहिता ने खा लिया जहर, इलाज के दौरान मौत
नैनीताल शहर के घुघुसिंगड़ी क्षेत्र में फोन पर पति पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद नवविवाहिता ने जहर खा लिया। परिजन उपचार के लिए उसे बीडी पाण्डे अस्पताल लेकर पहुंचे।
नैनीताल, जेएनएन : नैनीताल शहर के घुघुसिंगड़ी क्षेत्र में फोन पर पति पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद नवविवाहिता ने जहर खा लिया। परिजन उपचार के लिए उसे बीडी पाण्डे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामे की कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला लाकडाउन के बाद से अपने मायके में रह रही थी। दस माह पहले ही उसका विवाह हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल पक्ष और पति शादी के बाद से ही उससे मारपीट और गालीगलौच करता था।
घुघुसिगड़ी निवासी 22 वर्षीय पूजा बिष्ट पुत्री गोधन सिंह बिष्ट का विवाह दस माह पहले धनपुर कालाढूंगी निवासी नरेश बिष्ट से हुआ था। जो कि हिमांचल स्थित किसी कंपनी में कार्यरत है। लाकडाउन के दौरान पूजा की मां की तबियत बिगड़ी तो देखभाल के लिए वह मायके चली आयी। शनिवार को पूजा अपने पति से फोन पर बात कर रही थी कि पति ने उससे और उसके मायके पक्ष के लोगों को लेकर गालीगलौच कर दी। जिससे अवसाद में आकर पूजा ने घर पर रखा जहर गटक लिया।
परिजनों को जब यह पता लगा तो आनन फानन में वह उसे लेकर बीडी पाण्डे अस्पताल पहुचे। जहाँ उसे उपचार दिया जा रहा था। रविवार सुबह उपचार के दौरान अचानक उसकी तबियत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गयी। पूजा के पिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष और पति उससे अक्सर मारपीट करता था। जिससे उसने ऐसा आत्मघाती कदम उठा लिया। सूचना के बाद तहसीलदार भगवान सिंह चौहान ने अस्पताल पहुँच परिजनों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि महिला के ससुराल पक्ष के लोगों को घटना की सूचना दे दी है। मामले में फिलहाल कोई शिकायत प्राप्त नही हुई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।