नवनियुक्त आईजी रौतेला ने कहा, चीन- नेपाल की सीमाओं पर बढ़ाई जाएगी सुरक्षा
गुरुवार को प्रेस वार्ता कर आईजी ने कहा कि चीन तथा नेपाल सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ाकर तनाव कम करना और नशे पर लगाम लगाना उनकी शीर्ष प्राथमिकताएं रहेंगी।
नैनीताल, जेएनएन : पुलिस महानिरीक्षक अजय रौतेला ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। गुरुवार को प्रेस वार्ता कर आईजी ने कहा कि चीन तथा नेपाल सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ाकर तनाव कम करना और नशे पर लगाम लगाना उनकी शीर्ष प्राथमिकताएं रहेंगी। नैनीताल के मल्लीताल स्थित पुलिस उप निरीक्षक कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में रौतेला ने कहा कि चीन के साथ लगातार बढ़ रही तनाव के बीच मंडलीय स्तर पर सीमाओं को चौकस किया जाएगा।
नवनियुक्त आईजी ने कहा कि इस बीच सीमाओं पर सुरक्षाकर्मियों की संख्या में बढ़ोतरी कर लगातार जानकारियां एकत्रित की जाएंगी। कुमाऊं मंडल में लगातार बढ़ रहे विभिन्न अपराध के मामलों में नियंत्रण किए जाने को पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर पुलिस अधिकारियों से ब्यौरा मांगा जाएगा। साथ ही पहाड़ में लगातार बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जाएगा। इसके लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं।
कोरोना वायरस के चलते प्रभावी लॉकडाउन के बाद वर्तमान स्थिति यानी अनलॉक तक लगातार लौट रहे प्रवासियों के पहुंचने से पर्वतीय क्षेत्रों में क्राइम रेट बढ़ सकता है। इस पर नियंत्रण को लेकर विशेष टीम गठित की जाएगी। आईजी रौतेला के अनुसार पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर कवायद की जाएगी। समस्याओं के निस्तारण के लिए सभी जिलों के मुख्याओं को निर्देश दिए गए हैं।
देशी शराब की दुकानें न खुलने से आबकारी को हर महीने 2.71 करोड़ रुपये की चपत