Move to Jagran APP

सीमा विवाद को तूल देने का नया पैंतरा, भारतीय क्षेत्र में नेपाल ने जनगणना का किया दावा

दुष्प्रचार के आधार पर सीमा विवाद को तूल देने वाले नेपाल ने अब नया पैंतरा अपनाया है। संविधान दिवस आयोजन के बीच उसने केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय को भारतीय क्षेत्र कुटी कालापानी लिंपियाधुरा गूंजी की जनगणना का आदेश दिया है।

By Skand ShuklaEdited By: Published: Mon, 21 Sep 2020 07:58 PM (IST)Updated: Mon, 21 Sep 2020 07:58 PM (IST)
सीमा विवाद को तूल देने का नया पैंतरा, भारतीय क्षेत्र में नेपाल ने जनगणना का किया दावा
नेपाल ने भारतीय क्षेत्र कुटी, कालापानी, लिंपियाधुरा, गूंजी की जनगणना का आदेश दिया है।

हल्द्वानी, अभिषेक राज : दुष्प्रचार के आधार पर सीमा विवाद को तूल देने वाले नेपाल ने अब नया पैंतरा अपनाया है। संविधान दिवस आयोजन के बीच उसने केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय को भारतीय क्षेत्र कुटी, कालापानी, लिंपियाधुरा, गूंजी की जनगणना का आदेश दिया है। नेपाल सरकार का दावा है कि लिंपियाधुरा क्षेत्र में इस समय 1,500 लोग रह रहे हैं। जनगणना पूरा करने के लिए स्थानीय लोगों की ही मदद लेने की बात कही गई है। जरूरत पडऩे पर नेपाली सुरक्षा अधिकारियों से भी सहयोग का निर्देश दिया है।

loksabha election banner

जनगणना के साथ पूछे जाएंगे 80 सवाल

नेपाल ने भारतीय क्षेत्रों में जनगणना के साथ ही यहां के लोगों के लिए प्रश्नावली भी तैयार कराई है, जिसमें घर, वाहन, संपत्ति, पारिवारिक सदस्य सहित नेपाल सरकार से अपेक्षाओं सहित 80 सवालों को शामिल किया गया है। इसी प्रश्नावली को आधार बनाकर नेपाल स्थानीय ग्रामीणों के लिए योजना तैयार करने का दावा किया है।

यह जनमत संग्रह की कोशिश तो नहीं

भारत-नेपाल संबंधों के जानकार मेजर बीएस रौतेला (रि.) बताते हैं कि भारतीय ग्रामीणों से प्रश्नावली तैयार कर जनगणना कराने की घोषणा सामान्य नहीं हो सकती। नेपाल इसे जनगणना का नाम देकर वैश्विक स्तर पर अप्रत्यक्ष तौर से जनमत संग्रह का रूप दे सकता है। उसकी यह साजिश भारतीय सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय ग्रामीण कभी सफल नहीं होने देंगे।

एसएसबी के जवान 24 घंटे मुस्तैद

एसडीएम धारचुला एके शुक्ला ने बताया कि नेपाली टीम के भारत में आने की स्थिति नहीं है। पंचेश्वर से लेकर कालापानी तक पूरी तरह शांत है। सीमाएं सील हैं। एसएसबी के जवान 24 घंटे मुस्तैद हैं। ऐसे में नेपाली टीम यहां पहुंच ही नहीं सकती।

ग्रामीण भी मुस्तैद

गूंजी गांव के दीवान सिंह गुंज्याल ने बताया कि नेपाल से हमारा कोई नाता नहीं। हम भारतीय है। नेपाल की साजिश यहां सफल नहीं होने वाली। कुटी गांव के सोबन सिंह कुटियाल का कहना है कि कुटी गांव में सब शांत है। हम नेपाली हरकत समझते हैं। चीन के इशारे पर उसके बोल बिगड़ गए हैं। गब्र्यांग गांव के योगेश गब्र्याल ने कहा कि जनगणना के नाम पर नेपाली टीम आई भी तो उसे कड़े विरोध के साथ लौटा दिया जाएगा। नाबी गांव के मनोज नब्याल का कहना है कि सीमा पर दोनों देशों के ग्रामीणों के बीच बेहद मधुर संबंध है। नेपाल सरकार इसमें दरार नहीं डाल सकती।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.