अब 12 घंटे खुला रहेगा अंतरराष्ट्रीय झूलापुल, नेपाल प्रशासन ने भी दी सहमति
एसडीएम एके शुक्ला ने बताया कि नेपाल के दार्चुला जिला प्रशासन द्वारा सुबह सात से सायं सात बजे तक पुल खोलने पर अपनी सहमति दे दी है। जनता की मांग पर पुल सुबह सात बजे से सायं सात बजे तक खोलने की अनुमति मांगी है।
संवाद सूत्र, धारचूला : भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय झूलापुल को सुबह सात बजे से सायं सात बजे तक खोलने की तहसील प्रशासन ने जिलाधिकारी से अनुमति मांगी है। जनता की इस मांग पर नेपाल के दार्चुला प्रशासन ने भी सहमति जताई है।
भारत-नेपाल सीमा पुल सुबह सात बजे से सायं पांच बजे तक खुलता है। जिस पर बीते दिनों धारचूला व्यापार संघ ने जनता की मांग पर प्रशासन से पुल खुलने के समय में परिवर्तन की मांग की थी। व्यापार संघ का कहना था कि भारत के निर्माण कार्यों में कार्य करने वाले नेपाली मजदूरों को पांच बजे से पूर्व वापस लौटना पड़ता है। जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। भारत में व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। इस मांग पर एसडीएम एके शुक्ला ने नेपाल के दार्चुला जिला प्रशासन से इसकी सहमति मांगी थी।
एसडीएम एके शुक्ला ने बताया कि नेपाल के दार्चुला जिला प्रशासन द्वारा सुबह सात से सायं सात बजे तक पुल खोलने पर अपनी सहमति दे दी है। एसडीएम ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में इसका हवाला देते हुए जनता की मांग पर पुल सुबह सात बजे से सायं सात बजे तक खोलने की अनुमति मांगी है। जिलाधिकारी के अनुमति मिलने के बाद पुल सुबह सात बजे से सायं सात बजे तक खुलने के आसार हैं।