वीकेंड पर नैनीताल में लगा लंबा जाम, खुलवाने में पुलिस के छूटे पसीने
वीकेंड पर सरोवर नगरी में पर्यटकों की आमद बढ़ने से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। दोपहर बाद वाहनों का दबाव बढ़ा तो पुलिस को यातायात प्रबंधन में खासा पसीना बहाना पड़ा। पर्यटकों की आमद में इजाफा होने से पर्यटन कारोबार में लगे लोग भी उत्साहित नजर आए।
नैनीताल, जागरण संवाददाता : वीकेंड पर सरोवर नगरी में पर्यटकों की आमद बढ़ने से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। दोपहर बाद वाहनों का दबाव बढ़ा तो पुलिस को यातायात प्रबंधन में खासा पसीना बहाना पड़ा। पर्यटकों की आमद में इजाफा होने से पर्यटन कारोबार में लगे लोग भी उत्साहित नजर आए। वीकेंड पर शहर का पर्यटन कारोबार जोर पकड़ने लगा है। शनिवार से शहर पहुचने वाले पर्यटकों का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा।
दिनभर भारी संख्या में शहर पहुँचे पर्यटकों ने चिड़ियाघर, बॉटनिकल गार्डन, वॉटर फॉल, हिमालय दर्शन, केव गार्डन समेत अन्य पर्यटन स्थलों में सैर सपाटा किया। इस बीच पर्यटकों ने नैनी झील में जमकर नौकायन का आनंद भी उठाया। साथ ही लोगों ने भोटिया मार्केट, पंत पार्क, बड़ा बाजार में गर्म कपड़ों की जमकर खरीदारी की। जिससे कारोबारियों में भी काफी उत्साह दिखा। ईधर दोपहर बाद वाहनों का दबाव बढ़ा तो जाम की स्थिति बन गयी। जिससे पुलिस के इंतजाम धरे के धरे रह गए। मालरोड से हाईकोर्ट तक वाहनों की कतार लग गयी। जिसमें वाहन रेंगते नजर आए। जिससे पुलिसकर्मियों को भी खासा पसीना बहाना पड़ा।