नैनीताल में खत्म होगी पार्किंग की समस्या, पालिका और जिला प्रशासन ने बनाया ये प्लान
नैनीताल में पर्यटन वाहनों का दबाव बढ़ने पर पार्किंग न होना और जाम लगना आम समस्या है। मगर अब जिला प्रशासन और पालिका इससे निपटने की तैयारियों में जुट गया है। पालिका ने शहर के अंदर और बाहर छोटे छोटे स्थल चिन्हित किए हैं।
नरेश कुमार, नैनीताल : नैनीताल में पर्यटन वाहनों का दबाव बढ़ने पर पार्किंग न होना और जाम लगना आम समस्या है। मगर अब जिला प्रशासन और पालिका इससे निपटने की तैयारियों में जुट गया है। पालिका ने शहर के अंदर और बाहर छोटे छोटे स्थल चिन्हित कर इनको पार्किंग के रूप में विकसित करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में मल्लीताल स्थित लकड़ी टाल क्षेत्र का चयन किया गया है। इस जगह से लकड़ी टाल को अन्यत्र विस्थापित कर यहाँ पार्किंग विकसित की जाएगी। भविष्य में इस जगह पर मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। साथ ही नारायण नगर, बारापत्थर, क्षेत्र मे भी छोटे-छोटे पार्किंग स्थल विकसित करने की योजना है।
शहर में पर्यटकों की आमद बढ़ने के बाद पार्किंग सबसे बड़ी समस्या बनकर खड़ी हो जाती है। शहर स्थित डीएसए और मेट्रोपोल पार्किंग भरने के बाद पर्यटकों के वाहन शहर में चक्कर ही काटते रह जाते है। ऐसे में जाम का संकट झेलना पड़ता है। इतना ही नहीं वाहनों का दबाव बढ़ने पर शहर के बाहर ही पर्यटक वाहनों को रोक दिया जाता है। जिससे पर्यटकों को भी समस्या का सामना करना पड़ता है। मगर अब प्रशासन और पालिका इस समस्या को हल करने में जुट गया है।
ईओ अशोक वर्मा ने बताया कि शहर के अंदर और बाहर छोटे-छोटे पार्किंग स्थल विकसित कर ही इस समस्या से निपटा जा सकता है। जिसके लिए फिलहाल लकड़ी टाल क्षेत्र का चयन किया गया है। मल्लीताल अग्निशमन विभाग के ठीक बगल में पालिका की भूमि है। जिसका प्रयोग वर्षों से लकड़ी टाल के रूप में किया जा रहा है। जिला प्रशासन के निर्देशों के लकड़ी टाल को अन्यत्र विस्थापित कर इसे पार्किंग स्थल के रूप में विकसित किया जाना है। जहां करीब 50-60 वाहन पार्क करने की क्षमता है। इसके अलावा बारापत्थर, नारायण नगर क्षेत्र में भी स्थान चिन्हित किये जा रहे है।
चीना बाबा मंदिर से नीचे तक नाले को पाट पार्किंग बनाने की भी है योजना
ईओ अशोक वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा चीना बाबा मंदिर से नीचे आ रहे नाले को मस्जिद तिराहे तक पाट कर इसके ऊपर पार्किंग बनाए जाने की योजना है। यह स्थल विकसित होने के बाद काफी हद तक शहर की पार्किंग समस्या हल हो जाएगी। नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी अशोक वर्मा ने बताया कि लकड़ी टाल को अन्यत्र विस्थापित करने का काम शुरू करवा दिया गया है। फिलहाल इस स्थान पर ओपन पार्किंग स्थल बनाया जाएगा। भविष्य में इसे मल्टीस्टोरी बनाने पर भी विचार किया जा रहा है।