हल्द्वानी में और बढ़ी डेंगू की दहशत, 42 नए मरीज मिले, 869 पहुंचा मरीजों का आंकड़ा
डेंगू का डंक और गहरा हो गया है। मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। शनिवार को 42 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो गई है।
हल्द्वानी, जेएनएन : डेंगू का डंक और गहरा हो गया है। मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। शनिवार को 42 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो गई है। इससे स्वास्थ्य विभाग से लेकर जिला प्रशासन के डेंगू को नियंत्रित करने के दावे पर सवाल उठने लगे हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. बलबीर की ही रिपोर्ट के आधार पर एलाइजा रिपोर्ट में 42 नए मरीजों के सामने आने से अब यह संख्या 869 पहुंच गई है। इस समय अस्पताल में 79 मरीज भर्ती हैं। हालांकि अब तक इलाज के बाद 790 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके अलावा निजी अस्पतालों में डेंगू कार्ड टेस्ट पॉजिटिव के 123 मरीज भर्ती हैं।
घरों में पल रहे लार्वा किए नष्ट
एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत के नेतृत्व में इंदिरानगर में जागरूकता अभियान चला। डॉ. पंत ने लोगों से घरों में जमा पानी फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर लंबे समय से पानी जमा है तो इसमें डेंगू के लार्वा पैदा हो जाते हैं जो बीमारी फैलाते हैं। आसपास सफाई बरतने के निर्देश दिए। डॉ. पंत ने टीम के साथ घरों की चेकिंग की। घर के अंदर पल रहे लार्वा को नष्ट किए। इस दौरान होम्योपैथी विशेषज्ञ ने भी दवा पिलाई। मलेरिया अधिकारी की टीम ने सत्यलोक कॉलोनी समेत आसपास फॉगिंग व स्प्रे कराया गया। लोगों को पंफलेट वितरित किए।