सात साल में मोदी सरकार ने लिए कई एतिहासिक फैसले : बंशीधर भगत
भगत ने मोदी सरकार के सात वर्षों को एतिहासिक फैसले व भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटाकर दो नए केंद्र शासित प्रदेश अस्तित्व में लाना बहुत बड़ी उपलब्धि रही।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने मोदी सरकार के सात वर्षों को एतिहासिक फैसले व भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटाकर दो नए केंद्र शासित प्रदेश अस्तित्व में लाना बहुत बड़ी उपलब्धि रही। सेवा ही संगठन अभियान के तहत सोमवार को विजयपुर धमोला में आयोजित कार्यक्रम में भगत ने यह बात कही। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को खाद्य सामग्री, मास्क, सैनिटाइजर, आयुर्वेदिक कोरोना रक्षक किट वितरित किए।
मंत्री भगत ने कहा कि 2014 में जब हमारा देश घोटालों से ग्रसित था, उस वक्त भाजपा ने एक ऐसा नेता देश को दिया, जो देश ही नहीं बल्कि संपर्ण विश्व के नेता बनकर उभरे। ऐसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री का सफलतापूर्वक सात वर्ष पूर्ण होना देशवासियों के लिए गौरव जगाने वाला है। देश की भावनाओं से जुड़ा राम मंदिर जो लोगों को सिर्फ स्वप्न लगता था, पीएम मोदी के कौशल व दृढ़ इच्छाशक्ति का नतीजा है कि 500 वर्षों बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण होने जा रहा है। आजादी के 70 वर्षों बाद समान नागरिकता संहिता लाकर मोदी सरकार ने पड़ोसी देशों के अल्पसंख्यकों के मानवाधिकारों की रक्षा की है। अनेकों वर्षों से पीड़ित मुस्लिम महिलाओं को उनका हक दिलवाने के लिए तीन तलाक कानून बनाकर उनकी पीड़ा को दूर करने का काम किया है। जनधन योजना, शिक्षा नीति में बदलाव, आत्मनिर्भर भारत, किसान सम्मान निधि, सहकारिता विकास योजना, कृषि कानून जैसे अनेकों फैसलों का लाभ जन-जन को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व कोरोना महामारी से लड़ रहा है। कई नागरिकों ने इस महामारी में अपनों को खोया है। तमाम मुश्किलों के बाद भी मोदी सरकार ने दृढ़ता से इसका सामना किया है। अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों के लिए कल्याणकारी योजना के माध्यम से 18 वर्ष तक मुफ्त शिक्षा व इलाज की सुविधा और 23 वर्ष की आयु पर 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद का मानवता भरा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जल्द ही हम इस महामारी को हराकर पुनः विकास की ओर तेज रफ्तार से आगे बढ़ेंगे। यहां ग्राम प्रधान हरकेवल कंबोज, मनिंदर सिंह कंबोज, भगवान सिंह, सुखराम चंद्र, जगतार सिंह, मनिर मसीह, मयंक तिवारी, सुरेंद्र बोरा, हेम पाठक, सुखविंदर, नरेंद्र कंबोज, अरविंद कंबाेज, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें