रुद्रपुर में युवती के साथ छेड़खानी, विरोध करने पर असलहे से लैस होकर मां-बाप को पीटा
रुद्रपुर में कैनाल कॉलोनी निवासी युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपितों ने असलहों से लैस होकर युवती की मां और पिता पर हमला कर दिया। वारदात में दोनों घायल हो गए। आरोपितों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर लिया है।
रुद्रपुर, जागरण संवाददाता : रुद्रपुर में कैनाल कॉलोनी निवासी युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपितों ने असलहों से लैस होकर युवती की मां और पिता पर हमला कर दिया। वारदात में दोनों घायल हो गए। मामले में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर लिया है। कोर्ट को सौंपे प्रार्थना पत्र में कैनाल कॉलोनी निवासी महिला ने बताया कि उसके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। एक पुत्र बाहर रहता है, जबकि दूसरा उनके साथ रहता है।
आरोप है कि दूधियानगर निवासी राजा, अमर, संजय, शिवम, सागर और गोपाल खटीक अक्सर उसकी पुत्रियों से छेड़छाड़ करते हैं। इसकी शिकायत जब पुत्री ने उनसे की तो उन्होंने विरोध किया। जिससे आरोपित युवक रंजिश रखने लगे। 24 मार्च 2020 को राजा, अमर, संजय, शिवम, सागर और गोपाल तमंचों से लैस होकर घर में घुस आए और तोड़फोड़ कर दी। साथ ही उससे और उसके पति मनोज से मारपीट की। इस हमले में दोनों घायल हो गए।
शोर शराबा सुनकर पुत्र और आसपास के लोग एकत्र हुए तो हमलावर फरार हो गए। मामले में पुलिस को तहरीर सौंपी गई थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ अमित कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया है, जांच की जा रही है। इसके बाद आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।