मेयर ने किया स्ट्रीट लाइट कार्य का निरीक्षण, दिवाली तक काम पूरा करने के निर्देश
नगर निगम हल्द्वानी के सम्मिलित वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम जारी है। मेयर डाॅ. जोगेंद्र सिंह रौतेला ने गुरुवार को कार्य का निरीक्षण किया।
हल्द्वानी, जेएनएन : नगर निगम हल्द्वानी के सम्मिलित वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम जारी है। मेयर डाॅ. जोगेंद्र सिंह रौतेला ने गुरुवार को कार्य का निरीक्षण किया। वार्ड 38 और 47 में पहुंचे मेयर ने अधिकारियों को गुणवत्तायुक्त कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली तक कार्य पूरा करने का प्रयास करें। ताकि रोशनी के पर्व में क्षेत्र रोशनी से जगमग हो सके।
4.78 करोड़ की लागत से होने वाले कार्य में नगर निगम के 27 वार्डों को स्ट्रीट लाइट से आच्छादित किया जाना है। 11 अगस्त को मेयर रौतेला व विधायक बंशीधर भगत ने योजना का शुभारंभ किया था। प्रोजेक्ट की लागत 4.24 करोड़ है, जबकि 54 लाख रुपये ऊर्जा निगम को सुपरविजन चार्ज के रूप में भुगतान करना है। निरीक्षण में पार्षद प्रमोद तोलिया, दीपक बिष्ट नगर निगम के जेई केबी उपाध्याय आदि शामिल रहे।