ससुराल की प्रताड़ना से बौर जलाशय में दो बेटियों के साथ खुदकुशी करने पहुंची प्रसूता
यूएसनगर जिले के गूलरभोज चौकी के एसआइ और कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए गर्भवती और उसकी दो मासूम बच्चियों को बचा लिया। महिला ससुराल की प्रताडऩा से आजिज होकर जान गंवाने के इरादे से बौर जलाशय पहुंची थी।
गूलरभोज गदरपुर, जागरण संवाददाता : यूएसनगर जिले के गूलरभोज चौकी के एसआइ और कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए गर्भवती और उसकी दो मासूम बच्चियों को बचा लिया। महिला ससुराल की प्रताडऩा से आजिज होकर जान गंवाने के इरादे से बौर जलाशय पहुंची थी। पुलिस ने पति को सख्त ताकीद करते हुए महिला और बच्चियों को सुपुर्द कर दिया।
बिलासपुर, रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी सुमित्रा का विवाह करीब आठ साल पहले सकैनिया, गदरपुर निवासी पुरुषोत्तम के साथ हुआ था। बताया गया कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में सब ठीक चला, लेकिन धीरे-धीरे दांपत्य में खटास घुलने लगी। हाल ही में सास के निधन के बाद बड़ी ननद घर आई थी। किसी बात को लेकर सुमित्रा और ननद में तकरार होने लगी। मामला इस हद तक बिगड़ा की गुस्साई सुमित्रा अपनी दो मासूम बेटियों को लेकर सीधे बौर जलाशय पहुंच गई। इस दौरान एसआइ जेसी तिवारी कांस्टेबल पंकज सजवाण व महेंद्र बिष्ट के साथ जलाशय पर गश्त पर थे।
पुलिस को देख महिला जलाशय में कूदने के इरादे से जैसे ही आगे बढ़ी, पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को ऐसा करने से रोक लिया। पूछताछ में उसने खुद को छह माह की गर्भवती बताया। कहा कि उसका पति दूसरी शादी करने पर आमादा है। इस बात को लेकर हर रोज घर में क्लेश का माहौल है। ससुराल वाले उसे आए दिन किसी न किसी बात को लेकर प्रताडि़त करते हैं। सारा मामला जान पुलिस टीम महिला और उसकी दोनों बेटियों को लेकर गदरपुर पहुंची। पति पुरुषोत्तम को थाने तलब कर महिला और बेटियों को सुपुर्द किया। साथ ही पत्नी के साथ मधुर व्यवहार रखने की सख्त ताकीद की।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें