आदमखोर तेंदुए शिकारियों की पकड़ से दूर
विकासखंड ओखलकांडा में आदमखोर घोषित तेंदुए वहां तैनात शिकारियों को लगातार चकमा दे रहे हैं।
संस, भीमताल : विकासखंड ओखलकांडा में आदमखोर घोषित तेंदुए वहां तैनात शिकारियों को लगातार चकमा दे रहे हैं। शिकारियों के साथ वन विभाग की टीम दिन-रात क्षेत्र में कांबिंग कर रही है परंतु अभी तक उन्हें पकड़ने व मारने में सफलता नहीं मिली है।
इधर धैना गांव में तेंदुए द्वारा कुछ दिन पूर्व ग्रामीण खिमुली देवी को निवाला बनाने की घटना के चलते बुधवार को भी गांव में दिन ढलते ही सन्नाटा छा गया। गांव के लोग शाम ढलते ही घरों में दुबक गए। इधर ग्रामीणों ने अवगत कराया कि शाम को उन्हें धैना गांव से काफी दूर एक तेंदुए की दहाड़ सुनाई दी है। वहीं तुषराड़ और बजवाल गांव में भी शिकारियों ने तेंदुए को तलाश में सर्च अभियान चलाया। यहां भी तेंदुआ दो लोगों को शिकार बना चुका है। रेंजर शशि बिष्ट ने बताया कि शूटर लखपत सिंह द्वारा जो तेंदुआ चिन्हित किया गया है वह नर है। इसी ट्रेक में एक मादा और उसके दो बच्चों के पदचिह्न भी मिले हैं।
शूटर लखपत सिंह के हवाले से रेंजर शशि बिष्ट ने बताया कि नर तेंदुए के जो पदचिन्ह मिले हैं वह सामान्य तेंदुए से काफी बड़े हैं। फिलहाल उसे ही आदमखोर समझा जा रहा है। वहीं वन विभाग ने तेंदुए को चिन्हित करने के लिए तुषराड़ में शूटर द्वारा चिन्हित ट्रैक में चार सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इन कैमरों की मदद से आदमखोर तेंदुए को चिन्हित किया जा सकेगा। इधर क्षेत्र में तैनात तीनों शूटरों ने बुधवार को भी तेंदुए की खोज में कई किमी तक ट्रैकिंग की और आदमखोर तेंदुए के पदचिन्ह ढूंढे।
-------
::::: इनसेट
शूटरों द्वारा जो आदमखोर तेंदुआ चिन्हित किया गया है और जहां उसके पदचिह्न मिले हैं, वन विभाग ने वहां चार कैमरे लगा दिए हैं। इस ट्रैक में एक बड़ा नर और एक सामान्य मादा और उसके दो बच्चों के भी पदचिन्ह मिले हैं।
-शशि बिष्ट, रेंजर तुषराड़
================
::::पैकेज
फोटो- 28 बीटीएल 01 मृतकों के परिजनों को नौकरी देने की मांग
संस, भीमताल : ओखलकांडा में सप्ताह भर के भीतर तेंदुए द्वारा मारी गई नेहा, चंपा और खिमुली देवी के परिजनों में से एक-एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की मांग जोर पकड़ने लगी है। ग्रामीणों ने धारी तहसील पहुंच कर उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार तानिया रजवार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने अवगत कराया कि तेंदुए द्वारा मारे गए लोगों के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। इस कारण उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी मिलनी चाहिए। ज्ञापन देने वालों में पूर्व प्रधान मदन नौलिया, दिनेश बोरा, गणेश नौलिया, संजय बिष्ट, पंकज नरेश कुमार आदि शामिल थे।
-------------
::: इनसेट
विधायक ने मुख्य वन जीव प्रतिपालक से की वार्ता
भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्य वन जीव प्रतिपालक जेएस सुहाग से वार्ता कर आदमखोर तेंदुओं को शीघ्र मारने की मांग की है। विधायक ने कहा कि शिकारियों के लाख प्रयास के बावजूद अभी तक आदमखोर तेंदुओं में से एक भी नहीं मारा गया है जिससे पूरे ओखलकांडा में भय का वातावरण है। उन्होंने क्षेत्र में और शूटर भेजने और क्षेत्र में सक्रिय आदमखोर तेंदुओं को मार गिराने की मांग की है।