सदाचार व शिष्टाचार को जीवन में उतारने की जरूरत
नीलियम कालोनी स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में रविवार को जगतगुरु शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती महाराज के सान्निध्य में रुद्राभिषेक किया गया।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : नीलियम कालोनी स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में रविवार को जगतगुरु शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती महाराज के सान्निध्य में रुद्राभिषेक किया गया। सिद्धेश्वर मंदिर व नानतिन बाबा आश्रम के वार्षिकोत्सव पर 12 दिवसीय महारुद्र यज्ञ हो रहा है।
कोविड-19 को लेकर जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए इस बार रासलीला व सत्संग का आयोजन नहीं हो रहा है। मंदिर में नित्य सप्तशती व पुराण पाठ चल रहा है। इस दौरान वासुदेवानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि जीवन में सात्विक जीवन, सदाचार व शिष्टाचार का बहुत महत्व है। व्यक्ति तीनों को अपना ले तो अपने जीवन को ऊंचा उठा सकता है। महाराज ने कहा कि सात्विक भोजन शारीरिक और मानसिक विकारों से बचा सकता है। हमें सात्विक भोजन पर ध्यान देना चाहिए। आश्रम के संस्थापक दंडी स्वामी शंकर महाराज ने बताया कि सोमवार को आदि शंकराचार्य महाराज का पाद पूजन होगा। रुद्राभिषेक, यज्ञ की पूर्णाहुति व कन्या पूजन के साथ 17वें वार्षिकोत्सव का पारायण हो जाएगा। मोक्ष प्रदान करने वाले हैं भगवान विष्णु
रामपुर रोड स्थित दत्तात्रेय तिरुपति बालाजी मंदिर में श्रीमद भागवत कथा यज्ञ जारी है। रविवार को पांचवे दिन की कथा में श्रीकृष्ण बाल लीलाओं का वर्णन किया गया। व्यास पंडित प्रकाश चंद्र उपाध्याय ने कहा कि भगवान विष्णु मोक्ष प्रदान करने वाले हैं। जब भी पृथ्वी पर असुर व राक्षसों के आतंक बढ़ा, तब भगवान ने अलग-अलग रूप में अवतरित होकर पृथ्वी को पापों से मुक्त किया है। महामंडलेश्वर परेशयति महाराज ने जीवन को आध्यात्म की तरफ ले जाने की सीख दी। आठ दिसंबर को पूर्णाहुति के साथ आयोजन का समापन होगा।