पिथौरागढ़ में तेंदुए ने महिला पर फिर किया हमला, बाजार में लगाया गया पिंजरा nainital news
पिथौरागढ़ के कनालीछीना बाजार में तेंदुए ने दस्तक दी है। बुधवार की शाम तेंदुए ने कनालीछीना बाजार के बीच घर के भीतर घुस कर महिला पर झपट्टा मारा।
कनालीछीना (पिथौरागढ) जेएनएन : पिथौरागढ़ के कनालीछीना बाजार में तेंदुए ने दस्तक दी है। बुधवार की शाम तेंदुए ने कनालीछीना बाजार के बीच घर के भीतर घुस कर महिला पर झपट्टा मारा। हालांकि हमले में महिला बाल-बाल बच गई। बता दें कि बीते दिनों ब्लॉक कार्यालय के पास एक महिला पर दिनदहाड़े तेंदुए ने हमला कर दिया था। तेंदुए की दस्तक से लोगों में दहशत का माहौल है।
घनी आबादी में तेंदुए के घुसने से लोगों में खौफ
कनालीछीना बाजार में हाईवे से लगे मकान में बुधवार की शाम ज्योति भंडारी पत्नी जगदीश भंडारी परिजनों के साथ बैठी थीं। ज्योति भंडारी बाहर दरवाजे की तरफ बैठी थीं। इसी दौरान दबे पांव तेंदुआ कमरे में घुसा और उसने ज्येाति पर झपट्टा मारा। सामने बैठे परिवारजनों द्वारा हो हल्ला मचाने पर गुलदार भाग खड़ा हुआ। घनी बस्ती के बीच मकान में घुसकर महिला पर हमला करने से लोगों में दशहत मच गई। सारे लोग घरों से बाहर निकल गए।
कुछ दिनों पहले भी तेंदुए ने महिला पर किया था हमला
निकट में रहने वाले पूर्व जिपं अध्यक्ष किशन भंडारी ने वन विभाग और पुलिस को फोन किया। रात को ही वन कर्मी पहुंचे। चार दिन पूर्व विकास खंड कार्यालय के निकट धूप सेंक रही महिला को तेंदुआ खींच कर ले गया था। लोगों के हो हल्ला मचाए जाने पर घायल अवस्था में छोड़ कर गया। महिला अभी अस्पताल मं भर्ती है। पूर्व जिपं अध्यक्ष किशन भंडारी ने रात को भी वनाधिकारी से बात कर तेंदुए को पकडऩे के लिए पिंजड़ा लगाने की मांग की।
बाजार में लगाया गया पिंजरा
वहीं गुरुवार की सुबह वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पिंजड़ा लेकर कनालीछीना पहुंंचे। बाजार के निकट पिंजड़ा लगा दिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार गुलदार दिन दहाड़े बाजार के निकट घूमता नजर आ रहा है। भंडारी ने विभाग से गुलदार को नरभक्षी घोषित कर शिकारी तैनात करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें : वन्यजीव संघर्ष के साथ फसलों को बर्बाद होने से रोकेगा वन महकमा, जानें क्या है योजना
यह भी पढ़ें : घर के बाहर धूप सेंक रही महिला को खींचकर ले गया गुलदार, इसलिए बच गई जान