पिथौरागढ़ के जिस गांव में तेंदुए ने किया था मासूम की शिकार वहीं युवती पर फिर झपटा
पिथौरागढ़ में तेंदुए की दहशत कायम है। बेरीनाग नगर पंचायत के भट्टीगांव वार्ड में गुरुवार की देर शाम को घास काट कर परिवारजनों के साथ लौट रही 19 वर्षीय युवती अंकिता पर घात लगाए बैठे तेंदुए ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिजन दहशत में आ गए।
पिथौरागढ़, जेएनएन : पिथौरागढ़ में तेंदुए की दहशत कायम है। बेरीनाग नगर पंचायत के भट्टीगांव वार्ड में गुरुवार की देर शाम को घास काट कर परिवारजनों के साथ लौट रही 19 वर्षीय युवती अंकिता पर घात लगाए बैठे तेंदुए ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिजन दहशत में आ गए। उन्होंने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। शोर होने के बाद तेंदुआ युवती को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया और अंकिता की बाल बाल जान बची।
एक सप्ताह पहले इसी गांव में तेंदुए ने एक सात साल की बच्ची को अपना शिकार बना लिया था। जिसके बाद वन विभाग ने गांव ने पिंजरा लगाया था। विगत दिनों पिंजरे में एक तेंदुआ फंसा भी था। जिसे वन विभाग ने परीक्षण के बाद आदमखोर न होने की बात कहते हुए घने जंगल में ले जाकर छोड़ दिया था। वहीं अब एक बार फिर तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने गांव में पिंजरा लगाने की मांग की है।
कई तेंदुए मंडरा रहे गांव के आसपास
पिथौरागढ़ में महीने भर से तेंदुओं का आतंक है। जिले में अब तक एक माह में तेंदुए चार जिंदगियों को लील चुके हैं। बेरीनाग नगर पंचायत के भट्टीगांव वार्ड गुरुवार को देर शाम युवती पर हमला करने के बाद ग्रामीणों में एक बार फिर भय व्याप्त हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दिनों जो तेंदुआ पिंजरे में फंसा था उसे बिना ठीक से परीक्षण किए वन विभाग ने जंगल में ले जाकर छोड़ दिया। हो सकता है वह लौट आया हो, या फिर क्षेत्र में कई तेंदुओं को दस्तक है। ग्रामीणों वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है।