पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ को धरना-प्रदर्शन करना पड़ा महंगा, मुकदमा दर्ज
नगर निगम आयुक्त के कक्ष के बाहर धरना प्रदर्शन करना पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ को महंगा पड़ गया।
रुद्रपुर, जेएनएन : नगर निगम आयुक्त कक्ष के बाहर धरना प्रदर्शन करना पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ को महंगा पड़ गया। इस मामले में उप नगर आयुक्त रिंकू बिष्ट की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बेहड़ समेत 150 के खिलाफ नगर आयुक्त के साथ गालीगलौज और सरकारी कार्य में बांधा पहुंचाने का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक उप नगर आयुक्त रिंकू बिष्ट ने सौंपी तहरीर में कहा था कि बुधवार को नगर निगम ने उच्च न्यायालय के आदेश पर सब्जी मंडी से अतिक्रमण हटाया था। इसके खिलाफ गुरुवार सुबह आवास विकास निवासी तिलकराज बेहड़ करीब 150 लोगों के साथ नगर निगम पहुंचे और कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए धरने में बैठ गए। इस पर नगर आयुक्त जय भारत सिंह ने उनसे वार्ता की। आरोप है कि इस दौरान बेहड़ और साथ आए लोगों ने नगर आयुक्त से अभद्रता करते हुए गालीगलौज की। साथ ही नगर आयुक्त के कक्ष के बाहर धरने में बैठ गए। इससे नगर आयुक्त कार्यालय में राजकीय कार्यों से आने वाले आमजन और कार्यालय कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बेहड़ समेत 150 पर गालीगलौज, अभद्रता और सरकारी कार्य में बांधा पहुंचाने का केस दर्ज कर लिया है। कोतवाल कैलाश भटट ने बताया कि अज्ञात लोगों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप