Nainital weather forecast: कुमाऊं में बारिश का दौर थमा, अगले सप्ताह सामान्य से कम बारिश के आसार
मानसून कमजोर पड़ते ही बारिश का दौर थम गया है। शनिवार सुबह कुमाऊं में कुछ जगहों पर आंशिक बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले सप्ताह में कुमाऊं में बारिश में कमी आएगी।
हल्द्वानी, जेएनएन : मानसून कमजोर पड़ते ही बारिश का दौर थम गया है। शुक्रवार को नैनीताल जिले में सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए रहे। दोपहर में बादल घने जरूर हुए लेकिन बारिश नहीं हुई। शनिवार सुबह कुमाऊं में कुछ जगहों पर आंशिक बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले सप्ताह में कुमाऊं में बारिश में कमी आएगी। इस दौरान कुमाऊं समेत समूचे उत्तराखंड में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। शनिवार को कुछ जगह हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र के उप महानिदेशक डॉ. आनंद शर्मा के मुताबिक 28 सितंबर के आसपास दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो जाएगी। अक्टूबर के पहले सप्ताह में उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के कई इलाकों से मानसून की वापसी होने की संभावना है।
न्यूनतम तापमान में आएगी गिरावट
बीते दिनों की बारिश से तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो सप्ताह में न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। जबकि अधिकतम तापमान में थोड़ी तेजी देखने को मिल सकती है। बारिश नहीं होने से नमी में कमी आएगी इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर बढ़ेगा।