कर्ज और मंदी से परेशान नैनीताल के ज्वैलरी कारीगर ने लगाई फांसी NAINITAL NEWS
शहर के मल्लीताल ज्वैलर्स की दुकान के कारीगर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार कारीगर कर्ज न चुका पाने व सोने की बिक्री में आई गिरावट से उपजी मंदी से परेशान था।
नैनीताल, जेएनएन : शहर के मल्लीताल ज्वैलर्स की दुकान के कारीगर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार कारीगर कर्ज न चुका पाने व सोने की बिक्री में आई गिरावट से उपजी मंदी से परेशान था।
पॉपुलर कम्पाउंड निवासी 33 वर्षीय मोहित वर्मा पुत्र राम अवतार मल्लीताल बड़ा बाजार में ज्वैलर राजू वर्मा के प्रतिष्ठान में कारीगर था। बुधवार को वह मॉर्निंग वॉक पर निकला था। इसके कुछ देर बाद केएमवीएन संचालित अप्पूघर के टिनशेड में चुनरी से लटका उसका शव मिला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद कोतवाल अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा। जानकारी लगते ही मोहित के भाई रोहित समेत अन्य परिजन भी पहुंच गए। मृतक के पीछे भाई के अलावा पत्नी आरती, बेटी तृष्णा व बेटे शौर्य हैं। कोतवाल अशोक कुमार सिंह के अनुसार मोहित कर्ज तथा सोने की बिक्री में आई मंदी की वजह से आर्थिक रूप से परेशान था। मोहित का भाई रोहित रंगकर्मी है। उनके पिता का 2004 व मां का 2015 में निधन हो चुका है। बताया जाता है कि मोहित बैंक से मां द्वारा लिए गए कर्ज से परेशान था।
यह भी पढ़ें : काशीपुर में बगैर मान्यता संचालित स्कूल पर विभाग ने लगाया एक लाख का जुर्माना
यह भी पढ़ें : मंदी की मार : टाटा मोटर्स ने कम किया 30 फीसद उत्पादन