फरार कोरोना संक्रमित दुष्कर्मी को शरण देने पर पूरा परिवार गिरफ्तार
दुष्कर्म के आरोपित को शरण देना स्वजनों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने पत्नी भाई-बहन समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बनभूलपुरा थाना प्रभारी नीरज भाकुनी ने बताया कि 12 जनवरी को इंदिरानगर निवासी राविश उर्फ रावेश पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: एसटीएच से फरार कोरोना संक्रमित व दुष्कर्म के आरोपित को शरण देना स्वजनों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने पत्नी, भाई-बहन समेत छह लोगों को आरोपित मानकर केस दर्ज किया है। सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बनभूलपुरा थाना प्रभारी नीरज भाकुनी ने बताया कि 12 जनवरी को इंदिरानगर निवासी राविश उर्फ रावेश पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था।
13 जनवरी को आरोपित को गिरफ्तार करने पर उसकी कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई। उसे सुशीला तिवारी अस्पताल में क्वारंटाइन किया गया था। 25 जनवरी की सुबह आरोपित शौचालय जाने के बहाने फरार हो गया। आरोपित को शरण देने व भगाने में मदद करने पर राविश के भाई सावेज, चांद, गाजी खां उर्फ शाहिल, भाभी निशा व बहन सोबी व पत्नी नेहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। गुरुवार को सभी आरोपितों को रजा गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। टीम में भुवन सिंह राणा, कांस्टेबल लक्ष्मण राम, अमनदीप सिंह, दिलशाद अहमद, रिजवान अली, हरिकृष्ण मिश्रा, भूपेन्द्र जेष्ठा, सुनीता सिपाल व मुन्नी पंत शामिल रहे।
यह है पूरा मामला
12 जनवरी को एक किशोरी ने बनभूलपुरा थाने में रवीश पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि आरोपित को 13 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया था। कोविड जांच कराने पर उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। आरोपित को पुलिस निगरानी में सुशीला तिवारी अस्पताल में क्वारन्टीन किया गया था।
मंगलवार की सुबह आरोपी रवीश पेशाब करने के बहाने वाशरूम में गया। जहां से वह फरार हो गया। आरोपित के वापस नहीं लौटने पर पुलिस हरकत में आई। एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कांस्टेबल ललित मेहरा व महेश बृजवाल को निलंबित कर दिया।