नैनीताल हाईवे पर लगी 36 अवैध होर्डिंग्स हटाई गईं, नगर निगम की आय लगा रहे थे चपत
अवैध होर्डिंग से शहर को बदसूरत व नगर निगम की आय पर सेंधमारी कर अपनी जेब भर रहे कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है।
हल्द्वानी, जेएनएन : अवैध होर्डिंग से शहर को बदसूरत व नगर निगम की आय पर सेंधमारी कर अपनी जेब भर रहे कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। नगर निगम ने मानकों की अनदेखी करते हुए नैनीताल हाईवे पर लगी होर्डिंग्स हटानी शुरू कर दी हैं।
शहर में हर तरफ अवैध होर्डिंग्स लगाकर निगम की आय पर सेंधमारी करने के मामले में दैनिक जागरण ने पिछले दिनों प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। नैनीताल रोड, रामपुर रोड समेत शहर के दूसरे इलाकों में बड़ी संख्या में अवैध होर्डिंग्स लगी हैं। गुरुवार सुबह नगर निगम की टीम ने नैनीताल रोड पर अभियान चलाया। स्पोट्र्स स्टेडियम के सामने से काठगोदाम तक चले अभियान में निगम की टीम ने 36 अवैध होर्डिंग हटाए। तीन माह पूर्व अनुबंधित एजेंसी का ठेका निरस्त होने के बाद शहर में होर्डिंग्स लगाने की अनुमति नहीं थी। चुनाव के चलते निगम ने इस पर ध्यान देना बंद कर दिया था।
भविष्य में कारोबारी से हर्जाना भी लिया जाएगा
नगर आयुक्त सीएस मर्तोलिया ने बताया कि नैनीताल रोड से अवैध होर्डिंग्स हटवा दी गई हैं। जल्द ही दूसरे इलाकों में भी अभियान चलाया जाएगा। कारोबारियों को चेताया जाता है कि भविष्य में होर्डिंग लगी मिलती हैं तो उसे हटाने का हर्जाना संबंधित कारोबारी से लिया जाएगा।