फ्लाइट रद या विलंब हुआ तो इन सुविधाओं के हकदार होंगे आप, जानिए
सर्दियों के मौसम में अक्सर हवाई जहाज पर कोहरे का कहर सब पर पड़ता है। पिथौरागढ़ से पंतनगर व देहरादून हवाई सेवा रद होने इस बात का प्रमाण है।
हल्द्वानी, जेएनएन : सर्दियों के मौसम में अक्सर हवाई यात्रा पर कोहरे का असर दिखाई पड़ जाता है। पिथौरागढ़ से पंतनगर व देहरादून हवाई सेवा रद होना इस बात का प्रमाण है। कोहरे या अन्य तकनीकी वजहों से हवाई यात्रा रद्द या विलंब होने के कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हवाई यात्रा में देरी या रद होने पर आप मुआवजे के हकदार हैं। आइये हम आपको बताते हैं कि एविएशन रेगुलेटर डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने यात्री हितों की रक्षा के लिए क्या-क्या नियम बनाए हैं।
हवाई यात्रा लेट या रद होने पर मुफ्त होटल व भोजन की सुविधा
हवाई यात्रा करने वालों के लिए ये खबर बहुत काम की है। हवाई यात्रा में देरी या निरस्त होने पर डीजीसीए ने यात्रियों के हित में कई नियम बनाए हैं। इसमें मुआवजे का भी प्रावधान है।
हवाई यात्रा में देरी होने पर...
अगर आपकी हवाई यात्रा में 24 घंटे से कम की देरी होती है तो आप एयरपोर्ट पर भोजन और रिफ्रेशमेंट पाने के हकदार हैं। 24 घंटे से ज्यादा की देरी होने पर आपको मुफ्त में होटल में रहने की भी सुविधा मिलती है। होटल का चुनाव एयरलाइंस की पॉलिसी के अनुसार होगा। डीजीसीए के नियमों के अनुसार अगर हवाई यात्रा में देरी की वजह एयरलाइंस के नियंत्रण से बाहर है तो वह यात्रियों को मुआवजा देने के लिए बाध्य नहीं होगी। बाहरी कारणों में राजनीतिक अस्थिरता, प्राकृतिक हादसा, गृह युद्ध, बम विस्फोट, दंगा, उड़ान को प्रभावित करने वाला सरकारी आदेश और हड़ताल शामिल है।
हवाई यात्रा रद होने पर...
अगर आपकी हवाई यात्रा रद होती है तो एयरलाइंस बिना अतिरिक्त किराया लिए, आपको यात्रा के दूसरे विकल्प देने को बाध्य है। अगर आप दूसरी फ्लाइट या दूसरे एयरलाइंस की फ्लाइट में यात्रा नहीं करना चाहते हैं तो आपको टिकट की पूरी कीमत वापस लेने के हकदार हैं। अगर फ्लाइट रद होने से तीन घंटे पहले आपको इसकी सूचना नहीं दी जाती है तो एयरलाइंस को यात्रा के ब्लॉक टाइम के अनुसार मुआवजा देना होगा।
तकनीकी कारणों से निरस्त हुई उड़ान
पिथौरागढ़ : तकनीकी कारणों से रविवार को देहरादून से पिथौरागढ़ और पंतनगर की उड़ान रद्द हुई। विमान से देहरादून के लिए टिकट बुक कराए दो यात्री सड़क मार्ग से देहरादून रवाना हो गए।
हैरीटेज एविएशन के पर्सनल प्रबंधक सुभाष अंतवाल ने बताया कि रविवार को तकनीकी कारणों से विमान देहरादून से पिथौरागढ़ को नहीं उड़ा। जिसके चलते पिथौरागढ़ से पंतनगर की सेवा भी रद्द हुई। उन्होंने बताया कि पंतनगर के यात्रियों का किराया वापस लौटाया जाएगा। विमान नहीं आने से पंतनगर और देहरादून जाने वाले यात्री हवाई पट्टी से वापस लौटे। देहरादून जाने वाले दो यात्री आवश्यक कार्य होने से सड़क मार्ग से रवाना हो गए हैं। सोमवार से विमान सेवा नियमित हो जाएगी तकनीकी समस्या का समाधान हो जाएगा। सोमवार को पिथौरागढ़ से देहरादून के लिए दो उड़ान होगी।
रविवार को पिथौरागढ़ से पंतनगर और देहरादून के लिए सभी सीटें बुक थी। पंतनगर जाने वाले यात्री सुबह नौ बजे एयरपोर्ट पहुंच गए थे। देहरादून जाने वाले यात्री साढ़े दस बजे एयरपोर्ट में पहुंचे। विमान के समय पर नहीं पहुंचने पर जब पता लगाया गया तो तकनीकी कारणों से विमान नहीं उड़ पाने की सूचना मिली। यात्रा के लिए एयरपोर्ट पहुंचे यात्री नाराज नजर आए। चार दिन पूर्व प्रारंभ हुई हवाई सेवा में दो दिन विमान सेवा प्रभावित रही। शुक्रवार को मौसम के चलते चार घंटे देरी से उड़ी वहीं रविवार रविवार को तकनीकी कारणों से विमान सेवा रद हुई ।
यह भी पढ़ें : अंगोरा का मखमली ऊन लोगों को बना रहा है आत्मनिर्भर, जानिए कैसे
यह भी पढ़ें : खुशखबरी: अब पंतनगर एयरपोर्ट से कोहरे में भी उड़ सकेंगे विमान