तीन माह की गर्भवती शादी करने के बाद पहुंची ससुराल, राज खुला तो पति ने तोड़ा रिश्ता
तीन माह की गर्भवती महिला शादी करके पति के घर पहुंच गई। ससुराल में तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया तो गर्भवती होने का खुलासा हुआ। इस बात से आहत पति ने महिला से रिश्ता तोड़ लिया और महिला को उसकी बहन के घर छोड़ दिया।
काशीपुर, जागरण संवाददाता : तीन माह की गर्भवती महिला शादी करके पति के घर पहुंच गई। ससुराल में तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया तो गर्भवती होने का खुलासा हुआ। इस बात से आहत पति ने महिला से रिश्ता तोड़ लिया और महिला को उसकी बहन के घर छोड़ दिया। महिला ने शादी से पहले काशीपुर के एक होटल में दुष्कर्म करने वाले युवक पर दिल्ली में जीरो एफआइआर दर्ज कराई जो विवेचना के लिए सोमवार रात काशीपुर पहुंच गई है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
काशीपुर की निवासी महिला की शादी 22 मार्च को हरियाणा के सोनीपत में हुई। शादी के बाद युवती अपने ससुराल पहुंच गई। ससुराल में रहने के दौरान एक दिन अचानक से उसकी तबीयत खराब हो गई। महिला को अस्पताल ले जाया गया। डाक्टर ने उसे साढ़े 3 माह की गर्भवती बताया। इससे गुस्साए पति ने महिला से रिश्ता तोड़ लिया और उसे दिल्ली में रहने वाली उसकी बहन के घर छोड़ दिया। घर बर्बाद होने से दुखी महिला ने दिल्ली के नरेला थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई है। जिसमें उसने बताया कि शादी से 2 महीने पहले तक वह काशीपुर में अपने पिता के साथ रहती थी और सिलाई सीखती थी।
नगर का निवासी जावेद एक दिन उसके सिलाई सेंटर के बाहर आया और उसे सरकार से शादी के लिए आर्थिक मदद दिलाने के बहाने एक होटल में ले गया। होटल में आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जावेद ने धमकी दी कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो उसके भाई को मार डालेगा। डर के मारे उस समय उसने यह बात अपने परिवार वालों को नहीं बताई, लेकिन शादी के बाद जानकारी हुई तो पति ने उसे छोड़ दिया। अपनी बहन के घर से वह दिल्ली के थाना नरेला पहुंची और जीरो एफआइआर दर्ज करा दी।