नैनीताल जिले में चार सरकारी संस्थानों में हिलांस किचन शुरू, पहाड़ी जायके का उठा सकेंगे लुत्फ
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गुरुवार को हल्द्वानी तहसील में हिलांस किचन का शुभारंभ किया। हिलांस पहाड़ के उत्पादों को प्रचारित करने के साथ महिला स्वयं सहायता समूह रोजगार देने में अहम भूमिका निभाएंगे। पहले चरण में जिले में चार किचन का शुभारंभ किया गया है।
हल्द्वानी, जेएनएन : सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गुरुवार को हल्द्वानी तहसील में हिलांस किचन का शुभारंभ किया। हिलांस पहाड़ के उत्पादों को प्रचारित करने के साथ महिला स्वयं सहायता समूह रोजगार देने में अहम भूमिका निभाएंगे। पहले चरण में जिले में चार किचन का शुभारंभ किया गया है।
हिलांस किचन में पहाड़ी भट्ट की चुड़कानी, भट्ट व चना डुबके, रायता, पुए और भाग की चटनी का जायका लेने का मौका मिलेगा। पहले चरण में नैनीताल जिले में चार किचन शुरू किए गए हैं। खास बात यह है कि इनका संचालन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित महिला समूह कर रहे हैं। जिले में चार समूहों से 40 महिलाओं को रोजगार मिलेगा। महिलाओं को समृद्ध बनाने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है।
कहां कौन करेगा किचन का संचालन
- -हल्द्वानी तहसील- मां भगवती एसएचजी कठघरिया
- -नैनीताल कलक्ट्रेट परिसर- पूजा एसएचजी कोटाबाग
- -बीडी पांडे जिला अस्पताल-वंदना स्वयं सहायता समूह
- -विकास भवन भीमताल- गीतांजलि स्वयं सहायता समूह
पहाड़ के उत्पादों की बिक्री की जाएगी
सहायक परियोजना निदेशक संगीता आर्य ने बताया कि हिलांस किचन में पहाड़ के उत्पादों की बिक्री की जाएगी। इससे पहाड़ के उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। हमारी कोशिश है कि समूहों को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जाए।