शनिवार को भी दो बजे तक खुलेगा हल्द्वानी बाजार, रविवार को रहेगी पूर्ण बंदी
व्यापारियों ने शनिवार को साप्ताहिक बंदी के लिए बाजार खोलने की मांग की थी। एसडीएम विवेक राय से चर्चा के बाद व्यापारियों ने निर्णय लिया कि शनिवार को हल्द्वानी नगर के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से खुले रहेंगे। जबकि रविवार को समस्त व्यापारिक प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : शनिवार को साप्ताहिक बंदी के लिए भी शहर का बाजार खुला रहेगा। शुक्रवार को प्रशासन के साथ वार्ता के बाद व्यापारियों ने बाजार खुला करने का निर्णय लिया है। हालांकि सरकार के नियमों के तहत दोपहर दो बजे तक ही बाजार खोला जाएगा।
व्यापारी प्रतिनिधियों की उप जिलाधिकारी विवेक राय के साथ शुक्रवार को बैठक हुई। इसमें सभी व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। व्यापारी नेताओं ने कहा कि पूर्व में प्रशासन ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए व्यापारियोंसे सहयोग मांगा था। कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए व्यापारियों ने शनिवार को पूर्ण बाजार बंदी का निर्णय लिया। बाद में सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक रविवार को संपूर्ण प्रदेश में लॉकडाउन की घोषणा कर दी। इसके बाद दोपहर दो बजे तक ही बाजार खोलने का आदेश जारी किया। इस पर व्यापारियों ने शनिवार को साप्ताहिक बंदी के लिए बाजार खोलने की मांग की थी। एसडीएम विवेक राय से चर्चा के बाद व्यापारियों ने निर्णय लिया कि शनिवार को हल्द्वानी नगर के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से खुले रहेंगे। जबकि रविवार को समस्त व्यापारिक प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।
बैठक में देवभूमि व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह चड्ढा, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, देवभूमि व्यापार मंडल महानगर अध्यक्ष गोविंद बगड़वाल, प्रदेश उपाध्यक्ष दलजीत सिंह दल्ली, जिलाध्यक्ष पंकज कपूर प्रांतीय जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे, पंकज गुप्ता, प्रेम चौधरी, परविंदर प्रिंस, मोईन बाबा, अनवरूल्ला सिद्दीकी, देवभूमि युवा व्यापार मंडल प्रदेश अध्यक्ष मुकेश धींगड़ा, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के जगमोहन चिलवाल आदि उपस्थित थे।
बाजार में भीड़ उमडऩे से सभी सड़कें घंटों जाम
दोपहर दो बजे तक ही बाजार खुलने पर सुबह 10 बजे से ही बाजार में खासी भीड़ उमड़ रही है। इससे नैनीताल रोड के साथ ही कालाढूंगी रोड, रामपुर रोड व बरेली रोड की सड़कों पर लंबा जाम लग रहा है। कई लोग जाम से बचने के लिए अंदरूनी रास्ते का प्रयोग कर रहे हैं। इस मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढऩे पर जाम की स्थिति पैदा हो रही है। रोजाना दोपहर दो बजे तक यही स्थिति बनी रह रही है।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें