डीजे में नाच-गाने को लेकर युवक की पत्थर और डंडे से बेरहमी से हत्या, सड़क किनारे फेंका शव
बिंता घाटी में एक युवक की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। हत्यारोपित शव को पैदल मार्ग के किनारे फेंक गए। युवक का सिर बुरी तरह कुचला गया था।
द्वाराहाट (रानीखेत), जेएनएन : बिंता घाटी में एक युवक की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। हत्यारोपित शव को पैदल मार्ग के किनारे फेंक गए। युवक का सिर बुरी तरह कुचला गया था। मृतक के मौसेरे भाई की नामजद तहरीर पर पुलिस ने दो भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपित गांव से फरार हैं। वारदात के पीछे डीजे में नाच गाने को लेकर उपजा विवाद बड़ी वजह बताई जा रही है।
बिंता घाटी के बग्वालीपोखर स्थित नौसार गांव का भीम सिंह (30) बीती बुधवार को अपने पिता बचे सिंह बनेशी व मां के साथ मौसेरी बहन की शादी में करीब छह किमी दूर बसभीड़ा गांव गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक भीम सिंह का डीजे में नाच गाने को लेकर बिंता निवासी कानू व अभय पुत्रगण राजेंद्र सिंह के साथ विवाद हो गया और हाथापाई भी हुई। देर रात भीम अपने गांव लौट आया। पुलिस के अनुसार आरोपित कानू व अभय ने उसका पीछा किया। आशंका है इसी दौरान उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
गुरुवार की सुबह बसभीड़ा से कुछ दूर बिंता के ही कासीना तोक में भीम सिंह का खून से लतपथ शव पड़ा मिला। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सीओ रानीखेत वीर सिंह, एसओ भूपेंद्र सिंह बृजवाल ने मौका मुआयना किया। उधर मृतक के मौसेरे भाई बालम सिंह ने बिंता निवासी कानू व अभय के खिलाफ नामजद तहरीर दी। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपित फरार हैं।
बेरहमी से किया गया कत्ल
वीर सिंह, सीओ रानीखेत ने बताया कि युवक के सिर पर बाई तरफ किसी भारी चीज से प्रहार का निशान है। खून बहुत बह गया था। फॉरेंसिक टीम मौका ए वारदात से लकड़ी, पत्थर आदि नमूने जांच के लिए ले गई है।
आरोपितों की गिरफ्तारी को बनाई गई है टीम
भूपेंद्र सिंह बृजवाल, एसओ द्वाराहाट ने बताया कि डीजे में नाच गाने के दौरान भीम सिंह का कानू व अभय से विवाद हुआ था। इसके बाद भीम सीधा अपने गांव आ गया। आरोपितों ने पीछा कर वारदात को अंजाम दिया। दोनों फरार हैं। धरपकड़ के लिए दो टीमें गठित की गई है। जल्द ही हत्यारोपित भाइयों को गिरफतार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : सामान्य से ऊपर जा रहा पारा दे रहा तूफान को न्यौता, ग्लोबल वार्मिंग के इफेक्ट का भी असर
यह भी पढ़ें : चैतोल पर्व के उल्लास से सराबोर हुई सोर घाटी, बहनों को भिटोला देने निकले देवता, जानिए अनोखे पर्व के बारे में