घुनी नंबर एक के नलकूप की मरम्मत पूरी, आज से जलापूर्ति शुरू, दो हजार की आबादी को राहत
शहर के कालाढूंगी रोड स्थित घुनी नंबर एक स्थित नलकूप की मरम्मत का काम शुक्रवार की देर रात पूरा कर दिया गया। शनिवार सुबह नलकूप का ट्रायल करने के बाद जलापूर्ति सुचारू कर दी गई है। दो हजार से अधिक की आबादी ने राहत महसूस की है।
हल्द्वानी, जेएनएन: शहर के कालाढूंगी रोड स्थित घुनी नंबर एक स्थित नलकूप की मरम्मत का काम शुक्रवार की देर रात पूरा कर दिया गया। शनिवार सुबह नलकूप का ट्रायल करने के बाद जलापूर्ति सुचारू कर दी गई है। 20 दिन के बाद नलकूप सही होने से दो हजार से अधिक की आबादी ने राहत महसूस की है।
कालाढूंगी रोड स्थित घुनी नंबर एक में सिंचाई विभाग के नलकूप से पेयजल की आपूर्ति भी होती है। इस नलकूप से करीब 400 परिवारों के पेयजल कनेक्शन जुड़े हैं। 20 दिन पहले नलकूप की मोटर फुँक गई थी। इससे सिंचाई के साथ ही पेयजल का संकट पैदा हो गया था। सिंचाई विभाग ने नलकूप के पाइप और मोटर दीपावली से पहले ही निकाल ली थी। नलकूप को मरम्मत के लिए नलकूप खंड की वर्क शॉप भेजा गया था। वहीं मोटर सही करने वाले मिस्त्री के दीपावली की छुट्टी पर जाने से मरम्मत का काम अटक गया। जबकि पाइप निकलने और जोड़ने वाले श्रमिक भी छुट्टी पर चले गए। दीपावली से लौटने के बाद मंगलवार से मोटर मरम्मत होकर आई। इस वजह से नलकूप की मरम्मत में अधिक समय लग गया। इस कारण लोगों को अधिक समय तक दिक्कत झेलनी पड़ी। मंगलवार से पाइप जोड़ने का काम शुरू किया गया। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विशाल कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर रात तक नलकूप के पाइप जोड़ने का काम कराया गया। उसके बाद शनिवार की सुबह नलकूप का ट्रायल किया गया। नलकूप का संचालन सही होने पर सुबह से गांव को पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी गई है।