पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने छात्रों से की डिस्कवरी ऑफ इंडिया का अध्ययन करने की अपील
रामनगर के एक कॉलेज में हरदा ने अपने छात्र जीवन की यादों को ताजा किया और छात्रों से जवाहर लाल नेहरू की पुस्तक डिस्कवरी ऑफ इंडिया का अध्ययन करने का आह्वान किया।
रामनगर, जेएनएन : पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत बुधवार को अचानक एमपी हिंदू इंटर कॉलेज पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादों को ताजा किया और छात्रों से जवाहर लाल नेहरू की पुस्तक डिस्कवरी ऑफ इंडिया का अध्ययन करने की अपील की।
पूर्व सीएम बुधवार को दिल्ली जा रहे थे। इसी बीच वह बिना किसी पूर्व सूचना के एमपी इंटर कॉलेज पहुंच गए। कॉलेज में उनका स्वागत प्रधानाचार्य दिग्विजय सिंह चौहान व प्रबंध समिति के अध्यक्ष विनय कुमार जिंदल ने किया। रावत ने विद्यालय के पुस्तकालय के लिए जवाहर लाल नेहरू की पुस्तक डिस्कवरी ऑफ इंडिया, अंग्रेजी की डिक्शनरी व अखबार भेंट किए। वहां मौजूद शिक्षकों व अन्य लोगों से रावत ने अपील की कि वह जब भी अब अपने गांव जाएं तो अपने स्कूल के पुस्तकालय को भेंट करने के लिए किताबें व डिक्शनरी अवश्य ले जाएं। उन्होंने कई नॉवेल भी पुस्तकालय को भेंट किए। कुछ देर विद्यालय में रुकने के बाद हरीश रावत दिल्ली के लिए रवाना हो गये।