हाईवे पर देर शाम को घायल तेंदुए की तलाश में वन कर्मियों ने शुरू की कांबिंग
हल्द्वानी मार्ग पर तेज गति वाहन की टक्कर से घायल हुए तेंदुए को ढूंढने के लिए जंगल में कांबिंग की गई। छह टीमों में शामिल 30 लोगों ने रेंजर संतोष पंत के निर्देशन में जंगल में अलग-अलग जगह कांबिंग की।
रामनगर, जेएनएन : हल्द्वानी मार्ग पर तेज गति वाहन की टक्कर से घायल हुए तेंदुए को ढूंढने के लिए जंगल में कांबिंग की गई। छह टीमों में शामिल 30 लोगों ने रेंजर संतोष पंत के निर्देशन में जंगल में अलग-अलग जगह कांबिंग की। लेकिन फिलहाल उसका कुछ पता नहीं चल सका है। वन विभाग का कहना है कि कोशिश की जा रही है कि तेंदुए काे रेस्क्यू कर उसका इलाज किया जा सके। लेकिन उसका पता नहीं चल सका है। कांबिंग जारी है।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत बैलपड़ाव रेंज में देर शाम साढ़े सात बजे अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे तेंदुए को टक्कर मार दी थी। इसके बाद चालक मय वाहन मौके से भाग निकला। टक्कर लगने से घायल तेंदुआ चलने में अक्षम होने की वजह से सड़क पर ही बैठ गया। तेंदुए को सड़क पर बैठा देख वाहन रुक गए। उसे को आंतरिक चोट लगी होने की बात कही जा रही है। इस दौरान हल्द्वानी मार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। सूचना पर बैलपड़ाव रेंजर संतोष पंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
लोगों की भीड़ होने से वन कर्मियों को रेस्क्यू के लिए परेशानी का सामना भी करना पड़ा। लोग उसकी फोटो खींचने व वीडियो बनाते रहे। उन्हें हटाने के लिए वन कर्मियों व पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। वन कर्मियों ने तेंदुए को जाल डालकर रेस्क्यू करने का प्रयास किया। लेकिन वह वन कर्मियों के चंगुल से छूटकर जंगल की ओर भाग गया । वनकर्मी उसे पकडऩे जंगल में भी घुसे, लेकिन उसने गुर्राना शुरू कर दिया। हमले की आशंका पर वनकर्मी वापस लौट आए। शुक्रवार को उसकी तलाश में कांबिंग शुरू हुई । बहरहाल उसका पता नहीं चल सका है।