टैक्स के दायरे में आएंगे नए वार्डो के पांच हजार व्यवसायी, नगर निगम को होगी 50 लाख की आय
हल्द्वानी नगर निगम में शामिल नए वार्डो में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से हाउस टैक्स वसूली की तैयारी शुरू हो गई है। निगम प्रशासन स्वकर प्रणाली के प्रपत्र बांटने की तेयारी में है।
हल्द्वानी, जेएनएन : नगर निगम में शामिल नए वार्डो में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से हाउस टैक्स वसूली की तैयारी शुरू हो गई है। निगम प्रशासन स्व कर प्रणाली के प्रपत्र बांटने की तैयारी है। शहर के करीब चार से पांच हजार व्यवसायी इसके दायरे में आएंगे। इससे निगम को सालाना करीब 50 लाख से अधिक की आय होगी। निकायों के नव सम्मिलित क्षेत्रों के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भवन व स्वच्छता कर वसूली का शासनादेश पिछले वर्ष हो गया था। वित्तीय वर्ष 2020-21 से इसे लागू होना था। कोरोना की वजह से इसे लागू करने में देरी हो गई। हल्द्वानी नगर निगम के नव सम्मिलित 27 वार्डो के इसे लागू किया जाना है। निगम प्रशासन अब स्व कर प्रणाली के प्रपत्र बांटने की तैयारी है। व्यापारियों को प्रतिष्ठान के कारपेट क्षेत्र के आधार पर निगम द्वारा वार्ड व कालोनियों के लिए तय दरों के आधार पर गणना करते हुए हाउस टैक्स अदा करना होगा। निगम सूत्रों के मुताबिक करीब चार से पांच हजार व्यापारी इसके दायरे में आएंगे।
ये प्रतिष्ठान आएंगे दायरे में
जनरल स्टोर, शॉपिंग कॉम्पलेक्स, औद्योगिक संस्थान, शोरूम, सर्विस सेंटर, होटल, ढाबा, मेडिकल स्टोर, क्लीनिक आदि सभी स्व लाभ वाले प्रतिष्ठान इसके दायरे में आएंगे।
कोरोना काल में व्यापारी परेशान है। तीन माह लॉकडाउन रहा। उसके बाद भी लोग बाहर निकलने, खाने-पीने से परहेज कर रहे। कम से कम इस साल हाउस टैक्स में रियायत दी जानी चाहिए। -पान सिंह बिष्ट, टी स्टाल संचालक
छोटी दुकान से किसी तरह परिवार का गुजर कर रहे हैं। प्रदेश सरकार शुरुआत में सभी को टैक्स माफी की बात कर रही थी। बाद में घरेलू और व्यवसायी के नजरिये से वर्गीकृत कर दिया। -नंदाबल्लभ जोशी, इलेक्ट्रिकल कारोबारी
इस समय देशभर की स्थिति किसी ने छिपी नहीं है। हर कोई जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है। कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रदेश सरकार को हाउस टैक्स माफी की घोषणा करनी चाहिए। - मो. नफीस, फर्नीचर कारोबारी
नए वार्डो में व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से टैक्स लेने का शासनादेश है। हाउस टैक्स के लिए स्व कर प्रणाली के प्रपत्र बांटे जाने हैं। इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। -पूजा चंद्रा, प्रभारी कर अधीक्षक
विज्ञापनों के लिए टेंडर कराने की तैयारी
हल्द्वानी : नैनीताल रोड, कालाढूंगी रोड इलाके में क्योस्क यानी छोटे विज्ञापन लगाने के लिए निगम टेंडर कराने की तैयारी मे हैं। मार्च में दो वर्ष का अनुबंध खत्म हो चुका है। नगर आयुक्त सीएस मर्तोलिया ने बताया कि कोरोना काल के कारण टेंडर नहीं हो पाए थे। जल्द टेंडर कराने की तैयारी पूरी की जा रही है।