रामनगर में जंगल में घूमती मिलीं पांच बहनें, पूछताछ में पिता पर ही लगाए गंभीर आरोप, जानिए क्या
पिता से परेशान होकर युवती अपनी चार बहनों के साथ घर से भाग गई। रात में जंगल में रहने के बाद उन्होंने किसी के घर शरण ली। पुलिस ने मामले की सत्यता सामने आने तक सुरक्षा के लिहाज से पांचों बहनों को वन स्टाप संस्था के सुपुर्द किया है।
जागरण संवाददाता, रामनगर (नैनीताल) : एक युवती ने अपने पिता पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया हैं। पिता से परेशान होकर युवती अपनी चार बहनों के साथ घर से भाग गई। रात में जंगल में रहने के बाद उन्होंने किसी के घर शरण ली। फिलहाल मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने मामले की सत्यता सामने आने तक सुरक्षा के लिहाज से पांचों बहनों को हल्द्वानी की वन स्टाप संस्था के सुपुर्द किया है।
नैनीताल तहसील के अंतर्गत कालाढूंगी थाना निवासी की रहने वाली पांच सगी बहनें बुधवार को घर से भाग गई थी। वह शुक्रवार को भंडारपानी के समीप घूम रही थी। इस बीच पांच लड़कियों के घूमते मिलने पर लोगों ने उन्हें पूछताछ के लिए रोक लिया। उधर से गुजर रही महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी व उनके पति गोपाल लोहनी को रोककर लोगों ने जानकारी दी। इसके बाद लड़कियों ने बताया कि उनके पिता बड़ी बहन से गलत हरकत करते हैं। पिता की हरकत से परेशान होकर वह घर छोड़कर आ गए हैं। पांचों बहनों ने पिता की हरकत से वजह से घर जाने से साफ इन्कार कर दिया।
लोहनी बहनों को अपने वाहन में बैठाकर कालाढूंगी थाने ले गई। जहां युवती ने पुलिस को लिखित रूप से पिता पर गंभीर आरोप लगाते हुए घर जाने से मना कर दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी बलजीत सिंह भाकुनी ने बताया कि पिता पर गंभीर आरोप लगाने का मामला सामने आया है। मामला पटवारी क्षेत्र का है। पीडि़त की ओर से जो भी आरोप के संबंध में तहरीर दी जाएगी। उसी धारा में जीरो एफआइआर दर्ज कर पटवारी क्षेत्र को भेजा जाएगा। फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से पांचों बहनों को संस्था में भेजा जा रहा है।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें