हल्द्वानी में पेयजल समस्या बताते ईई के आगे रो पड़ी महिला पार्षद
पार्षद व महिला कांग्रेस कमेटी की महानगर अध्यक्ष नीमा भट्ट ने बताया कि मुखानी की बसंत विहार समेत आसपास की कालोनियों में साल भर पानी का संकट बना रहता है। कई बार इसकी शिकायत क्षेत्र के अवर अभियंता सहायक अभियंता व कर्मचारियों से की जा चुकी है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : मुखानी क्षेत्र के बसंत विहार समेत समेत कई कालोनियों में जलसंकट से त्रस्त लोग महिला पार्षद नीमा भट्ट के नेतृत्व में जलसंस्थान कार्यालय पहुंची। यहां जल समस्या बताते-बताते भावुक महिला पार्षद की आंखें भर आईं। अधिशासी अभियंता ने पार्षद व क्षेत्रवासियों का पेयजल समस्या का जल्द समाधान होने का आश्वासन दिया है।
सोमवार की दोपहर जलसंस्थान कार्यालय पहुंची पार्षद व महिला कांग्रेस कमेटी की महानगर अध्यक्ष नीमा भट्ट ने बताया कि मुखानी की बसंत विहार समेत आसपास की कालोनियों में साल भर पानी का संकट बना रहता है। कई बार इसकी शिकायत क्षेत्र के अवर अभियंता, सहायक अभियंता व कर्मचारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक जलसंकट दूर नहीं हुआ है। क्षेत्र में टैंकर से भी पानी की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जा रही है। इससे लोगों को हर सप्ताह निजी टैंकरों से पानी खरीदना मजबूरी बन गया है। साल भर में हजारों रुपये लोगों के केवल टैंकरों से पानी खरीदने में खर्च हो रहे हैं। उन्होंने पेयजल समस्या का समाधान न होने पर क्षेत्रवासियों को साथ लेकर जलसंस्थान कार्यालय में धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी है। इस दौरान विमला गुरुरानी, विद्या जोशी, मधु पांडे, प्रेमा जोशी, ललिता उपाध्याय, चम्पा जोशी, भारती उपाध्याय, कंचन शर्मा, दीप्ति पांडे, शशि वर्मा, निर्मला जोशी, भावना सती, अलका शाह व ममता लोहनी मौजूद थे।
पालीशीट में एक सप्ताह से जलापूर्ति ठप
पूर्व पार्षद मुन्ना पोखरिया के नेतृत्व में जलसंस्थान कार्यालय पहुंचे पालीशीट के लोगों ने एक सप्ताह से जलापूर्ति ठप होने की शिकायत की है। उन्होंने अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र देकर जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।
पूर्व पार्षद ने बताया कि पालीशीट के तुलसीनगर स्थित शिव मंदिर कालोनी में एक सप्ताह से पेयजल की सप्लाई ठप है। लोगों को एक किमी दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। कई लोग निजी टैंकरों से पानी खरीद रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर जलसंकट दूर नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन शुरू कर देंगे।
इस दौरान विक्रम सिंह अधिकारी, निर्मल सिंह, लक्की, मीना देवी, गोपाल सिंह पोखरिया, गीता पोखरिया व नेहा अधिकारी आदि मौजूद रहे।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें