Rail Roko Kisan Andolan : कृषि कानून के विरोध में बाजपुर में रेलवे ट्रैक पर व किच्छा के टोल प्लाजा पर धरना दे रहे किसान
Rail Roko Kisan Andolan संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर गुरुवार को बाजपुर स्टेशन स्थित रेलवे ट्रैक पर काफी संख्या में किसान दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। वहीं किच्छा के ग्राम चुकटी देवरिया स्थित टोल प्लाजा पर धरने पर किसान बैठ गए।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : कृषि कानून के विरोध में किसानों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर गुरुवार को बाजपुर स्टेशन स्थित रेलवे ट्रैक पर काफी संख्या में किसान दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। वहीं किच्छा के ग्राम चुकटी देवरिया स्थित टोल प्लाजा पर धरने पर किसान बैठ गए। किसानों के आक्रोश को देखते हुए टोल प्लाजा प्रबंधन ने चार घंटे के टोल टैक्स को फ्री कर दिया। इन स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी संख्या में पुलिस अफसर व पुलिस कर्मी तैनात है।
बाजपुर में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष करम सिंह पड्डा के नेतृत्व में काफी संख्या में किसान बाजपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेलवे ट्रैक पर धरना दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि शाम चार बजे तक धरना दिया जाएगा। कहा कि केंद्र सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है। जब किसान कृषि कानून को नहीं मान ही रहे हैं, तो सरकार जबरन कानून क्यों थोप रही है। सरकार यदि कानून वापस न लेने पर अड़ी है, तो हम भी इसे निरस्त करने की मांग पर अड़े हैं। जब तक कानून वापस नहीं लिया जाएगा। तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इधर, काफी संख्या में किसान चुकटी देवरिया स्थित टोल प्लाजा पर धरने पर बैठे हैं। किसानों ने कहा कि धरने के दौरान टोल टैक्स लिया गया तो विरोध किया जाएगा। किसानों के आक्रोश को देखते हुए टोल प्लाजा प्रबंधन ने किसानों से वार्ता की और चार घंटे तक टोल टैक्स न लेने पर राजी हो गया। बाजपुर रेलवे स्टेशन व टोल प्लाजा पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। फिलहाल शांतिपूर्वक किसान धरना दे रहे हैं।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें