एनएच -74 घोटाला मामले में नौ करोड़ से अधिक का मुआवजा लेने वाले किसान ने किया सरेंडर
एनएच 74 निर्माण में गलत तरीके से नौ करोड़ से अधिक का मुआवजा लेने वाले लालपुर के किसान दिलबाग सिंह ने मंगलवार को नैनीताल के विशेष न्यायालय में सरेंडर कर दिया।
रुद्रपुर, जेएनएन : एनएच 74 निर्माण में गलत तरीके से नौ करोड़ से अधिक का मुआवजा लेने वाले लालपुर के किसान दिलबाग सिंह ने मंगलवार को नैनीताल के विशेष न्यायालय में सरेंडर कर दिया। घोटाले में लगातार कार्रवाई देख वह कनाडा फरार हो गया था। बीते दिनों ही घर लौटा था। इस बीच एसआइटी के दबाव को देखते हुए उसने सरेंडर करना ही बेहतर समझा।
वर्ष 2017 में एनएच-74 मुआवजा घोटाला सामने आने के बाद सिडकुल चौकी में केस दर्ज किया गया। इसके बाद एसआइटी का गठन कर जांच शुरू की गई। इस दौरान 211 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले की पुष्टि हुई। पता चला कि किसानों ने बैक डेट पर 143 करके अधिकारियों और कर्मचारियों से मिलीभगत कर करोड़ों का मुआवजा लिया। इसके बाद एसआइटी ने गिरफ्तारी शुरू की। करीब एक साल की कार्रवाई में एसआइटी ने करीब 28 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों, बिल्डर और किसानों की गिरफ्तारी की है। इसके अतिरिक्त पांच किसानों ने नैनीताल कोर्ट में सरेंडर भी किया। इसी क्रम में मंगलवार को लालपुर गांव निवासी दिलबाग ङ्क्षसह ने भी विशेष न्यायालय नैनीताल में सरेंडर कर दिया।
कार्रवाई देख भागा था कनाडा
दिलबाग सिंह ने बैक डेट पर 143 कर करीब नौ करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा लिया था। इस बीच जब एसआइटी ने गिरफ्तारी शुरू की तो वह कनाडा फरार हो गया। इधर, बीते दिनों वह वापस आया और दबाव पडऩे पर मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
32 किसानों की होगी कुर्की
एनएच मुआवजा घोटाले में 32 किसानों के खिलाफ कोर्ट ने एनबीडब्ल्यू जारी किया था। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने लगातार छापेमारी की। लेकिन वह गिरफ्त में नहीं आए। ऐसे में एसआइटी ने उनके खिलाफ कुर्की के लिए कोर्ट में आवेदन किया है।
72 किसानों से होगी वसूली
किसानों से अब मुआवजा वसूली की कार्रवाई भी शुरू हुई है। इसके लिए एसआइटी जसपुर से लेकर सितारगंज तक के किसानों की सूची तैयार कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी है। अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही जिला प्रशासन के साथ मिलकर मुआवजा वसूली की कार्रवाई की जाएगी। इससे 72 किसान सीधे तौर पर प्रभावित होंगे।
यह भी पढ़ें : पैसों के लिए पोते ने कर दी दादी की हत्या, पुलिस के गांव पहुंचने से ही पहले आरोपित फरार
यह भी पढ़ें : मानव तस्करी के बड़े गैंग का भंडाफोड़, तीन महिलाओं समेत गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार