फ़ेसबुक दोस्त के झांसे में आकर हल्द्वानी पहुंची तीन बच्चों की मां, बैग-मंगलसूत्र समेत दोस्त गायब
फेसबुक पर बनने वाले रिश्ते अक्सर धोखा साबित हुए हैं। यह खबर भी इस बात की तस्दीक है। फेसबुक पर दोस्ती होने के बाद एक महिला नैनीताल जिले के पहाड़पानी से युवक से मिलने के लिए हल्द्वानी पहुंच गई।
हल्द्वानी, जेएनएन : फेसबुक पर बनने वाले रिश्ते अक्सर धोखा साबित हुए हैं। यह खबर भी इस बात की तस्दीक है। फेसबुक पर दोस्ती होने के बाद एक महिला नैनीताल जिले के पहाड़पानी से युवक से मिलने के लिए हल्द्वानी पहुंच गई। आरोप है कि फ़ेसबुक मित्र बना युवक महिला को तिकोनिया में छोड़कर गायब हो गया। कोतवाली पहुँची महिला का कहना है कि उसका बैग और मंगलसूत्र भी गायब है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक नैनीताल जिले के पहाड़पानी निवासी महिला का कुछ पहले मोतियापाथर के एक युवक से फ़ेसबुक के जरिये संपर्क हुआ था। दोनों में बातचीत हुई तो मामला दोस्ती में बदल गया। महिला तीन बच्चों की मां भी है। जिसके बाद शुक्रवार को युवक ने महिला मित्र को मिलने के लिए हल्द्वानी बुलवाया। जिसके बाद अपनी बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि तिकोनिया पहुँचने पर युवक ने बहाना बना महिला को नीचे उतार दिया। काफी देर इंतजार करने के बाद महिला कोतवाली पहुँच गई। उसका कहना था कि युवक उसका बैग और मंगलसूत्र भी ले गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।