खैरना बाजार में चरमराई पेयजल व्यवस्था
गरमपानी में अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर स्थित खैरना बाजार क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था पटरी से उतर गई है।
संवाद सूत्र, गरमपानी : अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर स्थित खैरना बाजार क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था पटरी से उतर गई है। व्यवस्था चरमरा जाने से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने व्यवस्था दुरुस्त न होने पर आंदोलन का एलान किया है।
खैरना बाजार में उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी के समीप स्थित प्राकृतिक जल स्त्रोत से पेयजल की आपूर्ति की जाती है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति चरमरा गई है। सुबह-शाम महज एक-एक घंटा ही पेयजल आपूर्ति हो रही है जो समुचित नहीं है। पहले पेयजल आपूर्ति दुरुस्त थी पर कुछ सप्ताह से व्यवस्था गड़बड़ा गई है। कई बार आवाज उठाने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा। पूर्व ग्राम प्रधान पूरन लाल साह ने आरोप लगाया है कि विभागीय उपेक्षा के चलते लोगों को समुचित रूप से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही। बाजार क्षेत्र में कई जगह मुख्य पेयजल लाइन से पानी रिसकर बर्बाद हो रहा है बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी अनदेखी पर आमादा है। बाजार क्षेत्र के करीब तीन सौ से ज्यादा परिवार पेयजल की समुचित आपूर्ति न हो पाने से परेशानी का सामना करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों को जंगल में जाकर स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। वहीं दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। जिसकी सारी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। इस दौरान मनोज जोशी, रवि गोस्वामी, गोपाल कांडपाल, विनोद जोशी, दीप कांडपाल, समेत कई ग्रामीण थे।