नशेडि़यों का रात भर में उत्पात, महिलाओं को भी नहीं बख्शा
जागरण संवाददाता, नैनीताल : नैनीताल का सात नंबर इलाका नशेडि़यों के उत्पात से दहशत में है। बीती रात भी
जागरण संवाददाता, नैनीताल : नैनीताल का सात नंबर इलाका नशेडि़यों के उत्पात से दहशत में है। बीती रात भी कुछ नशेडि़यों ने जमकर तांडव किया। उन्होंने महिलाओं से भी अभद्रता कर दी। आए दिन हो रही इस तरह की हरकतों से परेशान क्षेत्रवासियों ने शनिवार को पुलिस से फरियाद लगाई। पुलिस ने दो नशेडि़यों को दबोचकर पुलिस एक्ट में निरुद्ध किया है।
कोतवाली पहुंचे सात नंबर के लोगों ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाले हिमांशु आर्य और विशाल सिंह बिष्ट नशे में धुत रहते हैं। आए दिन दोनों अपने साथियों संग क्षेत्र में उत्पात मचा रहे हैं। वह आने जाने वाली महिलाओं से भी गालीगलौज व अभद्रता कर देते हैं। उनके भय से महिलाओं का दिन ढलने के बाद से घरों से निकलना बंद कर दिया है। वहीं लोगों ने हिमांशु व विशाल समेत कुछ अन्य के खिलाफ सामूहिक शिकायती पत्र सौंपा।
एसएसआइ बीएस मासीवाल ने बताया कि पुलिस ने दबिश देकर हिमांशु व विशाल को दबोच लिया है। दोनों के माफी मांगने पर क्षेत्रवासियों ने कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस ने दोनों का 81 पुलिस एक्ट में चालान किया। दोनों को पांच-पांच सौ रुपये जुर्माना वसूलकर छोड़ा गया है। भविष्य में दोनों के खिलाफ शिकायत मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।