एक्स-रे के दौरान फेफड़े में दिखी ढाई इंच की सुई, डॉक्टर से ऑपरेशन कर निकाला nainital news
ओखलकांडा के बजून गांव निवासी14 वर्षीय महेंद्र के फेफड़े में ढाई इंच की सुई घुसी थी। इसकी जानकारी उसे या घर वालों को भी नहीं थी।
हल्द्वानी, जेएनएन : नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक के बजून गांव निवासी 14 वर्षीय महेंद्र के फेफड़े में ढाई इंच की सुई घुसी थी। इसकी जानकारी उसे या घर वालों को भी नहीं थी। हाल ही में एक चोट लगने पर एक्सरे कराया गया, तो फेफड़े में सुई घुसी देख डॉक्टर भी चौंक गए। एसटीएच में ऑपरेशन कर सुई निकाल दी गई है।
आधे घंटे लगे सुई निकालने में
एसटीएच के सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. केएस शाही की टीम डॉ. देवेंद्र मेहरा, डॉ. विकास गुप्ता व डॉ. दीप ने 21 जनवरी को ऑपरेशन किया। इसमें आधा घंटा लगा। डॉ. शाही ने बताया कि सबसे बड़ी आश्चर्य की बात यह है कि सुई कब घुसी, इसका मरीज या किसी अन्य को पता ही नहीं था। यहां तक कि शरीर में किसी तरह का छेद भी नहीं दिख रहा था। माना जा रहा है कि कई साल पहले यह सुई धंस गई होगी। मरीज की थोरोसिक सर्जरी की गई। इसमें छह टांके लगाए गए हैं।
भविष्य के लिए हो सकता था खतरा
डॉ. शाही का कहना है कि मरीज को चोट लगने के बाद निजी अस्पताल ले गए थे। वहां एक्सरे के बाद एमआरआइ की सलाह दी गई थी, लेकिन एमआरआइ में जाने से पहले ही एक्सरे से सुई दिख गई। अगर एमआरआइ करते तो लोहे की वस्तु होने से मरीज व मशीन दोनों को नुकसान हो सकता था। इसके अलावा देर तक पता नहीं चलता तो फेफड़ा फट जाता, पस बन जाता। फेफड़े की नलियों के भी फट जाने आदि की समस्या हो सकती थी।
यह भी पढ़ें : कुमाऊं विवि में असिस्टेंट प्रोफेसर पर नियुक्ति किसी की, ज्वाइनिंग लेटर किसी और को भेजा !
यह भी पढ़ें : सीआइडी इंस्पेक्टर नवीन का निधन, बेटी ने दी मुखाग्नि, ऑस्ट्रेलया से बेटे ने वीडियो कॉल कर किया अंतिम दर्शन