जिपं सदस्य अनिल चनौतिया ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के आग्रह पर नहीं किया नामांकन
जिपं सदस्य अनिल चनौतिया का कहना है कि जिपं अध्यक्ष पद की प्रत्याशी बेला तोलिया पूर्व दर्जा मंत्री हेमंत द्विवेदी के आग्रह पर ही उन्होंने उपाध्यक्ष पद पर नामांकन नहीं कराया।
नैनीताल, जेएनएन : नैनीताल जिले के जंगलियागांव के जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया का कहना है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी बेला तोलिया, भाजपा नेता प्रमोद तोलिया, पूर्व दर्जा मंत्री हेमंत द्विवेदी के आग्रह पर ही उन्होंने उपाध्यक्ष पद पर नामांकन नहीं कराया। वरिष्ठ नेताओं के भरोसे के बाद ही उन्होंने दावेदारी छोड़ दी। चनौतिया का दावा है कि उनके पास प्रस्तावक-अनुमोदक सदस्य होने के साथ ही समर्थन देने वाले सदस्य भी थे।
उपाध्यक्ष पद पर भाजपा ने हल्द्वानी ब्लॉक प्रमुख आनंद दरम्वाल को प्रत्याशी बनाया था। जंगलियागांव से जीते अनिल चनौतिया ने पहले उपाध्यक्ष पद पर नामांकन की जानकारी दी थी। इसकी भनक लगते ही भाजपा रणनीतिकारों ने चनौतिया से एकांत में बातचीत की और उन्हें मनाया। साथ ही विकास के लिए समर्थन मांगा, जिसके बाद ही चनौतिया ने नामांकन नहीं कराने का निर्णय लिया। चनौतिया ने कहा है कि जिला पंचायत के माध्यम से दूरस्थ इलाकों का विकास सुनिश्चित किया जाएगा, यही उनकी प्राथमिकता भी है।
बेला, आनंद व डॉ. हरीश की 'जीत' पर जश्न
जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की बेला तोलिया, उपाध्यक्ष पद पर आनंद दरम्वाल, भीमताल ब्लॉक प्रमुख पद पर डॉ. हरीश बिष्टï का निर्विरोध निर्वाचन तय होने से पार्टी कार्यकर्ता बेहद उत्साहित हैं। रविवार को मल्लीताल में पार्टी कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। इसमें भाजयुमो जिलाध्यक्ष नितिन कार्की, नगर अध्यक्ष विकास जोशी, महामंत्री मोहित साह, छात्रसंघ अध्यक्ष विशाल वर्मा, वरिष्ठ नेता अरविंद पडियार, सलमान, राकेश डंगवाल, मोहित रौतेला, ललित पंत, पंकज भट्ट, निखिल, मोहन रावत आदि थे।