Nainital Coronavirus News Update : बांद्रा से रामनगर पहुंचे यात्रियों का स्टेशन पर हुआ कोरोना टेस्ट, जानिए जिले में कुल कितने एक्टिव केस
कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए रामनगर में बांद्रा से पहुंचे 41 यात्रियों का टेस्ट किया गया। ट्रेन में कुल 80 यात्री रामनगर पहुंचे थे। शुक्रवार को सुबह एसडीएम विजयनाथ शुक्ल कोविड के नोडल अधिकारी प्रशांत कौशिक सीओ बलजीत भाकुनी स्वास्थ्य व पुलिस टीम के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे।
रामनगर, जागरण संवाददाता : कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए रामनगर में बांद्रा से पहुंचे 41 यात्रियों का कोरोना टेस्ट किया गया। ट्रेन में कुल 80 यात्री रामनगर पहुंचे थे। शुक्रवार को सुबह एसडीएम विजयनाथ शुक्ल, कोविड के नोडल अधिकारी प्रशांत कौशिक, सीओ बलजीत भाकुनी स्वास्थ्य व पुलिस टीम के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे। ट्रेन गुरुवार सुबह पांच बजे बांद्रा स्टेशन से चली थी, जो शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे रामनगर रेलवे स्टेशन पहुंची।
स्टेशन में भीड़भाड़ व पुलिस फोर्स देखकर यात्री एक बार के लिए सहम गए। उन्हें कोविड टेस्ट किए जाने की जानकारी देकर सभी से टेस्ट कराने को कहा। स्टेशन में पीपीपी किट पहने कर्मचारियों ने यात्रियों का टेस्ट किया। अलग अलग दो लाइन लगाकर यात्रियों के टेस्ट किए गए। 39 यात्री अपने साथ कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट साथ लाए थे।
बांद्रा ट्रेन पिछले साल दस अक्टूबर से शुरू हुई थी। ट्रेन सप्ताह के अंत में हर शुक्रवार को रामनगर से चलती है। सभी यात्रियों के पहचान पत्र के अनुसार नाम व पते दर्ज किए गए। सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए हल्द्वानी भेजे जाएंगे। यात्रियों के मोबाइल व आधार कार्ड नम्बर लिए गए हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें जानकारी देकर आइसोलेट किया जाएगा।
जिले में कोरोना के 1269 केस एक्टिव
कोरोना संक्रमण चरम पर पहुंच चुका है। बुधवार को हल्द्वानी के एसटीएच में भर्ती छह मरीजों की मौत हो गई है। इसमें से तीन मरीजों की मौत अस्पताल पहुंचने के 24 घंटे के भीतर हो गई। वहीं जिले में गुरुवार को 156 लोग संक्रमित पाए गए हैं। सक्रिय केस की संख्या 1269 हो चुकी है। हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जिले में 1095 लोगों की जांच हुई। इसमें से 156 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिले में इस समय कोरोना के 1269 एक्टिव केस हैं।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें