पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी से नाराज कांग्रेसी हल्द्वानी के पेट्रोल पंपों पर पंपलेट लेकर घूमे
पेट्रोल व डीजल के दामों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को शहर के पेट्रोल-पंपों पर धरना प्रदर्शन करने के साथ पंपलेट बांट दाम का गणित समझाया।
हल्द्वानी, जेएनएन : पेट्रोल व डीजल के दामों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को शहर के पेट्रोल-पंपों पर धरना प्रदर्शन करने के साथ पंपलेट बांट दाम का गणित समझाया। प्रदेश महासचिव महेश शर्मा के नेतृत्व में ऊंचापुल में कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन भी किया। वहीं, रामपुर रोड, कालाढूंगी रोड व बरेली रोड पर भी कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।
ऊंचापुल पंप पर प्रदर्शन के दौरान प्रदेश महासचिव महेश शर्मा ने कहा कि यूपीए कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब तेल के दाम 110 डॉलर प्रति बैरल था तब भारत में तेल के दाम 72 रुपये लीटर था। वर्तमान में अंतराराष्ट्रीय दाम कम होने के बावजूद रेट बढ़ाकर लोगों को लूटने का काम किया जा रहा है। लॉकडाउन में आर्थिक संकट से गुजरी जनता को राहत पहुंचाने का कोई काम नहीं किया गया। वहीं, पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने कहा कि बेवजह मूल्यवृद्धि से गरीब, किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी समेत हर वर्ग परेशान है। धरने पर पूरन सिह खनी, कानू बिष्ट , संदीप भैसोड़़ा, नीरज तिवारी, भानू पडलिया, नीमा भट्ट, भुवन तिवारी, ओम प्रकाश पाल, जया कर्नाटक आदि शामिल रहे।
नैनीताल रोड पर जुटे कांग्रेसी
महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल के नेतृत्व में नैनीताल रोड के पंपों पर टोलियों में कांग्रेसियों ने लोगों को पंपलेट थमा दाम बढऩे को लेकर विरोध जताया। शारीरिक दूरी नियम का पालन करते हुए हर पंप पर छह कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान एआइसीसी सदस्य सुमित हृदयेश व जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने कहा कि अगर सरकार दाम घटाकर लोगों को राहत नहीं दे सकती तो उसे नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। विरोध कार्यक्रम में दीप पाठक, सतनाम सिंह, अनु आर्य, देवेंद्र राणा, गोविंद बगड़वाल, मयंक भट्ट, भगवती बिष्ट, जीवन मेहरा, संजय पाना शामिल रहे। वहीं, गौलापार में पूर्व दर्जा मंत्री राजेंद्र खनवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पंप के बाहर धरना दिया।