तराई में कोहरे की वजह से चल रही शीतलहर, हल्द्वानी में 8 डिग्री पहुंचा तापमान
Nainital weather update बुधवार सुबह हल्द्वानी में घना कोहरा छाया रहा। दोपहर में कोहरा हल्का हुआ लेकिन ठंड बरकरार रही। शाम को फिर कोहरा छाने लगा। अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य की अपेक्षा यह छह डिग्री कम रहा।

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : कोहरे की वजह से कुमाऊं के तराई-भाबर में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। सुबह-शाम मौसम ठंडा है ही, कोहरे की वजह से दिन में भी घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। दूसरी तरफ पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी धूप खिल रही है। बुधवार को दिन का सर्वाधिक तापमान अल्मोड़ा में दर्ज किया गया। अल्मोड़ा में स्थिति ऐसी हैं कि यहां दिन सर्वाधिक गर्म तो रात सबसे अधिक सर्द रही।
बुधवार सुबह हल्द्वानी में घना कोहरा छाया रहा। दोपहर में कोहरा हल्का हुआ लेकिन ठंड बरकरार रही। शाम को फिर कोहरा छाने लगा। अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य की अपेक्षा यह छह डिग्री कम रहा। धूप निकलने की वजह से अल्मोड़ा व बागेश्वर में तापमान 20 डिग्री के पार पहुंच रहा है। हालांकि सुबह-शाम के समय पर्वतीय क्षेत्रों में भी अत्यधिक ठंड पड़ रही है। मौसम विशेषज्ञों ने ठंड का असर बने रहने की संभावना जताई है।
कुमाऊं के प्रमुख स्थानों का तापमान
स्थान अधिकतम न्यूनतम
हल्द्वानी 13.8 8.1
पंतनगर 12.0 9.2
नैनीताल 12.8 4.5
मुक्तेश्वर 14.3 2.9
अल्मोड़ा 21.0 1.7
बागेश्वर 20.7 6.0
चम्पावत 15.1 0.5
पिथौरागढ़ 18.1 3.4
पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसका प्रभाव 23 जनवरी तक बना रहेगा। 20 जनवरी को कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। 21 व 22 जनवरी को बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं पर बारिश होने की संभावना रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ मजबूत होने से 23 जनवरी को कुमाऊं मंडल के अधिकांश हिस्सों पर हल्की से मध्यम बारिश व 2200 मीटर से ऊंचाई वाली चोटियों पर हिमपात हो सकता है।
Edited By Prashant Mishra