नैनीताल में ठंड लौटी, लोगों ने अलमारी में बंद गर्म कपड़े निकाले बाहर nainital news
शुक्रवार को हुई बर्फबारी से शनिवार को सरोवर नगरी में कड़ाके की ठंड का असर रहा। शनिवार को पूरे दिन घने बादल आसमान में डेरा डाले रहे।
नैनीताल, जेएनएन : शुक्रवार को हुई बर्फबारी से शनिवार को सरोवर नगरी में कड़ाके की ठंड का असर रहा। शनिवार को पूरे दिन घने बादल आसमान में डेरा डाले रहे। वीकेंड पर पहुंचे सैलानियों को भी ठंड से दो-चार होना पड़ा।
शनिवार को यहां सुबह से ही घने बादल छाए हुए थे। दिन में सूर्यदेव ने दर्शन तो दिए, लेकिन कुछ समय फिर बादल छा गए। इससे ठंड में इजाफा हो गया। इस दौरान कोहरे ने भी कई बार नगर को गिरफ्त में लिया। जिस कारण लोगों के अलमारी व बख्शों में बंद गर्म कपड़े बाहर निकल आए। लोग दस्तानों व टोपी, मफलर के साथ गर्म ऊनी कपड़ों में लिपटे रहे। कई लोगों को आग व हीटर का सहारा लेना पड़ा। शाम को पालिका ने नगर के विभिन्न स्थानों पर अलाव जलाए। इस बीच विभिन्न शहरों से पहुंचे सैलानी गर्म कपड़े खरीदने को मजबूर हुए। ठंड अधिक होने के कारण सैलानी शाम होते ही होटल के कमरों में चले गए। मौसम विभाग के अनुसार अब मौसम में सुधार आ जाएगा। जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तीन डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आद्रता अधिकतम 90 व न्यूनतम 70 प्रतिशत दर्ज की गई।
नैनीझील का जलस्तर 5.9 फीट पहुंचा
पश्चिमी विक्षोभ के मेहरबान होने से नैनीझील के जलस्तर में पांच इंच तक सुधार आया है, जो बढ़कर 5.9 फीट जा पहुंचा है। प्राकृतिक जलस्रोतों के रिचार्ज होने से अगले कुछ दिन झील के पानी में और सुधार आने की संभावना है। सिंचाई विभाग के लेक सुपरवाइजर रमेश सिंह गैड़ा के मुताबिक शुक्रवार को हुई बर्फबारी व बारिश से नैनीझील के जलस्तर में पांच इंच बढ़ोतरी दर्ज की गई है। झील के जलस्तर में गत वर्ष की तुलना में दो इंच की वृद्धि दर्ज हुई है।
यह भी पढ़ें : हैरान करने वाली थी बर्फबारी, वैज्ञानिकों ने कहा पश्चिमी सर्द हवाएं बनी वजह
यह भी पढ़ें : रुद्रपुर में प्रदेश सरकार पर बरसीं नेता प्रतिपक्ष, बोलीं-लालटेन लेकर ढूंढेंगे भाजपा का विकास