रामनगर में महिला ने खुदकुशी नहीं ही पति ने ही पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग !
रामनगर स्थित शक्तिनगर में महिला की मौत के मामले में पुलिस की जांच पति के ही ईदगिर्द टिकी हुई है। मृतका के बच्चों के बयान ने भी हत्या के शक को और गहरा दिया है।
रामनगर, जेएनएन : रामनगर स्थित शक्तिनगर में महिला की मौत के मामले में पुलिस की जांच पति के ही ईदगिर्द टिकी हुई है। महिला की मौत की असल वजह से परदा उठाने के लिए पुलिस इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों व साक्ष्यों को खंगाल रही है। मृतका के बच्चों के बयान ने भी हत्या के शक को और गहरा दिया है। बता दें कि मंगलवार व बुधवार की रात डेढ़ बजे मोहल्ला शक्तिनगर में किराए पर रह रही बबली की आग में जलने से मौत हो गई थी। महिला के आत्मदाह की इस घटना से हर कोई आश्चर्यचकित था। हल्द्वानी एसटीएच में महिला ने दम तोड़ दिया था।
इसके बाद पुलिस ने घटना को लेकर जांच शुरू की। बुधवार शाम को एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने महिला के दोनों बच्चों से घटना को लेकर पूछताछ की। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी सिटी के निर्देश पर पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया। सूत्र बताते हैं कि पूछताछ के दौरान पुलिस का महिला के पति पर शक गहरा गया। इधर मृतका के परिजन भी पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगाने का आरोप दामाद पर लगा रहे हैं। मृतका के भाई इस्माइल ने तहरीर देकर अपने बहनोई, उसके भाई एवं बहन पर उसकी बहन की हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को कई मददगार जानकारी मिलने की उम्मीद है। सीओ पंकज गैरोला ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिल चुकी है। विवेचना के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। हर तथ्य को खंगाला जा रहा है। जो भी जानकारी सामने आ रही है। उसे पुख्ता किया जा रहा है।
मां बोली दो साल से नहीं देखा बेटी का मुंह
शक्तिनगर में आत्मदाह करने के मामले में महिला के परिजनों ने दामाद पर उनकी बेटी को जलाकर मारने का आरोप लगाया है। उन्होंने दामाद पर अपनी बहन व भाई की मदद से इस घटना को अंजाम देने व कमरे से सबूत मिटाने का आरोप लगाया है। गुरुवार को महिला की मां वाहिदा व भाई इस्माइल ने महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी के पास पहुंचकर शिकायत की। मृतक बबली की मां ने लोहनी को बताया कि उसकी बेटी ने वर्ष 2009 में अपनी मर्जी से निकाह किया था। वह उसकी बेटी को लेकर किराए के मकान में रहता था। मृतका की मां ने कहा कि दो साल से उसने अपनी बेटी का मुंह तक नहीं देखा था।
बेटी को बुरी तरह से पीटता था दामाद
मृतका की मां ने कहा कि जब भी वह उससे मिलने की कोशिश करती तो दामाद उसे बुरी तरह मारता पीटता था। बताया कि घटना की रात में दामाद ने शराब पी हुई थी। बेटी के बच्चों से पूछताछ हुई। बच्चों ने बताया कि पिता ने ही पेट्रोल डालकर उनकी मां को आग लगाकर मार डाला। उसने सवाल उठाया कि एक ही कमरे के भीतर बेटी व दामाद थे तो आग लगने पर तत्काल उसे दामाद ने क्यों नहीं बुझाया। वह आग से पूरी तरह झुलस चुकी थी। लोहनी ने मृतका के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।