मुख्या सचिव ने कहा कि, नैनीताल का विकास यहां की प्रकृति और संस्कृति अनुरूप हो nainital news
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने कहा कि नैनीताल की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ाने के लिए यहां दुबई जैसा नहीं बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय संस्कृति को सहेजकर विकास की जरूरत है।
नैनीताल, जेएनएन : दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने कहा कि नैनीताल की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ाने के लिए यहां दुबई जैसा नहीं बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय संस्कृति को सहेजकर विकास की जरूरत है। नगर का सुंदरीकरण ऐसे किया जाए कि वह स्थानीय विशेषता को प्रदर्शित करे, जिससे एक दिन के लिए पहुंचने वाला पर्यटक यहां अधिक दिनों तक ठहेरें।
इन स्थानों का किया भ्रमण
रविवार को मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, वित्त सचिव अमित नेगी, स्वास्थ्य एवं शहरी विकास सचिव नितेश झा ने नगर के विभिन्न स्थलों का भ्रमण किया। मल्लीताल बोट स्टैंड का भ्रमण कर उन्होंने झील के संरक्षण के लिए जिला प्रशासन द्वारा बनाई जा रही योजनाओं की जानकारी ली। इसके बाद कलक्ट्रेट पहुंचकर वॉल पेंटिंग, म्यूरल, चेयर लिफ्ट और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्थानीय उत्पादों और ऐपण के स्टालों का निरीक्षण किया। स्थानीय महिलाओं और बच्चों द्वारा बनाए कलाकृतियों की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं को रोजगार से जोडऩे वाले प्रयासों में गति लाई जाए। इस मौके पर पेंटिंग प्रतियोगिता में विजेताओं को चेक और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया। इस दौरान डीएम सविन बंसल, एसएसपी सुनील कुमार मीणा, एडीएम केएस टोलिया, एसएस जंगपांगी, सीडीओ विनीत कुमार, एसडीएम विनोद कुमार, गौरव चटवाल, प्राधिकरण सचिव पंकज उपाध्याय, सीएमओ डॉ. भारती राणा आदि रहे।
प्रेजेंटेशन के जरिये दी योजनाओं की जानकारी
डीएम सविन बंसल ने जिलाधिकारी आवास में प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं, नव संचालित पोर्टलों और नगर के सुंदरीकरण के लिए बनाए गए प्लान की जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से सीएस को दी। जन शिकायतों के निस्तारण के लिए संतुष्टिï आशा कार्यकर्ताओं के लिए तृप्ति और राष्टï्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की देखरेख के लिए बनाए गए सूद पोर्टल की जानकारी देते हुए डीएम ने बताया कि पोर्टलों का क्रियान्वयन शुरू कर दिया गया है। जिसका लाभ भी लोगों को मिलना शुरू हो गया है। बेतालघाट में टेलिमेडिसन सुविधा भी शुरू कर दी गई है। इस दौरान सीएस ने तीनों पोर्टलों के सफल संचालन के लिए सराहना की और निर्देश दिए कि जिले के कुपोषित व अतिकुपोषित बच्चों और किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां भी सूद पोर्टल के माध्यम से दी जाए।
जल्द दूर होगी नगर की पार्किंग समस्या
सीएस ने कहा कि नगर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने से पर्यटन प्रभावित हो रहा है। पार्किंग स्थान चयन के निर्देश डीएम को दिए गए हैं। जिसके बाद नगर में आधुनिक तकनीक से लैस पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाएगा। साथ ही पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए झील के किनारे बने ऐतिहासिक भवनों को जल्द ही सुधारा जाएगा।
डीएम के कार्यों की सराहना
सीएस उत्पल कुमार सिंह ने डीएम सविन बंसल द्वारा जिले में किए जा रहे विकास और जन कल्याणकारी कार्यों को सकारात्मक और सृजनात्मक बताया। उन्होंने कहा कि सविन के नेतृत्व में अन्य अधिकारी भी उत्कृष्ट कार्य कर रहे है।