मुख्यमंत्री 28 को उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी में अफसरों को देंगे विकास के मंत्र nainital news
मुख्यमंत्री उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी में 2016 बैच के पीसीएस अधिकारियों के आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करने के साथ ही उन्हें संबोधित भी करेंगे।
नैनीताल, जेएनएन : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत 28 दिसंबर को नैनीताल आएंगे। उनके संभावित कार्यक्रम को देखते हुए सरकारी स्तर पर तैयारियां आरंभ हो गई हैं। मुख्यमंत्री उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी में 2016 बैच के पीसीएस अधिकारियों के आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करने के साथ ही उन्हें संबोधित भी करेंगे।सचिव मुख्यमंत्री व निदेशक एटीआइ राजीव रौतेला ने सीएम के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्रिसमस अवकाश पर भी अधिकारियों के साथ बैठक की। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री करीब दो घंटे अकादमी में रहेंगे। सीएम के दौरे को यादगार बनाने के लिए अकादमी में व्यापक तैयारियां की गई हैं। अधिकारी-कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। साफ सफाई से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को चाक चौबंद किया गया है। सीएम के दौरे पर अकादमी के प्रकोष्ठों में कार्यरत कर्मियों को भी समायोजन का तोहफा मिलने की उम्मीद है। सचिव मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय होने की पुष्टि की है।
बता दें कि अविभाजित उत्तर प्रदेश के दौर से ही ख्याति प्राप्त अकादमी में प्रशिक्षण लेकर आइएएस व पीसीएस अफसर देश के कैबिनेट सचिव से लेकर केंद्रीय सचिव, राज्यों में मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, डीएम, कमिश्नर, विभागों के मुखिया, निगमों के एमडी, जीएम समेत अन्य प्रशासनिक, विभागीय पदों पर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इधर अकादमी में साल दर साल कर्मचारी रिटायर हो रहे हैं मगर उनके स्थान पर नियुक्तियां नहीं हो सकी हैं।
केएमवीएन कर्मचारियों की मांगों को लेकर वार्ता कल
नैनीताल : कुमाऊं मंडल विकास निगम कर्मचारी महासंघ एकबार फिर मांगों को लेकर मुखर हो गया है। मांगों पर वार्ता के लिए अध्यक्ष केदार जोशी ने 27 दिसंबर को निगम मुख्यालय सूखाताल में वार्ता के लिए बुलाया है। महासंघ अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी ने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा आए दिन परिसंपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने का टेंडर नोटिस निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि अर्से से कार्मिक संविदा पर काम कर रहे हैं, मगर उन्हेें नियमित नहीं किया जा रहा है। साथ ही रिक्त पदों को पदोन्नति से नहीं भरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को अपराह्नï तीन बजे से निगम मुख्यालय में कार्यकारिणी की बैठक होगी। गेट मीटिंग कर कर्मचारियों को जानकारी दी जाएगी। निगम अध्यक्ष से वार्ता में सहमति नहीं बनने पर छह जनवरी से बेमियादी धरना-प्रदर्शन होगा।
यह भी पढ़ें : पूर्व पीएम भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर बनाए गए आयुष्मान कार्ड