सीएम ने कहा, भीमताल में बैडमिंटन कोर्ट, हेलीपैड निर्माण व कैंचुलादेवी मंदिर का होगा सुंदरीकरण
प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार भरसक प्रयास कर रही हैं। वहीं पर्यटन आधारित कार्यक्रमों के आयोजकों को भी पर्यटन विकास की नई संभावनाएं तलाशनी होंगी।
भीमताल, जेएनएन : प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार भरसक प्रयास कर रही हैं। वहीं पर्यटन आधारित कार्यक्रमों के आयोजकों को भी पर्यटन विकास की नई संभावनाएं तलाशनी होंगी। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भीमताल में लेक कार्निवाल के शुभारंभ के दौरान जनता को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने भीमताल में विकास भवन के समीप बैडमिंटन कोर्ट, हेलीपैड निर्माण और कैंचुलादेवी मंदिर में सुंदरीकरण करने की घोषणा की। कहा कि हमें खर्च करने वाले लोंगों और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए योजना बनानी होंगी। नैनीताल जनपद वर्तमान में सरकार द्वारा चयनित 13 डेस्टिनेशन में चरम विकास पर है। यहां और आसपास अब भी ऐसे कई स्थान पर्यटन की दृष्टि से छूटे हुए हैं। ऐसे स्थानों को चयनित कर वहां पर्यटन विकसित करना होगा। इसके लिए बाकायदा मास्टर प्लान भी बना लिया गया है। सीएम ने बताया कि प्रदेश में पौढ़ी जनपद के फलस्वाड़ी गांव, जहां सीता ने समाधि ली थी, में प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश की सरकार के तर्ज पर भव्य मंदिर बनाने जा रही है। इसके लिए प्रदेश के सभी मंदिरों से 111 की राशि, एक शिला और एक मुट्ठी मिट्टी एकत्र की जाएगी। चार बड़े धामों के लिए बोर्ड का गठन होने से इस वर्ष पर्यटकों की संख्या में 36 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है और वर्ष 2020 में पर्यटकों की संख्या एक करोड़ से ऊपर पहुंच जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार अगले सालजनवरी से समाज कल्याण की पेंशन योजनाओं में पात्रों को 1200 रुपये देगी। आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए एक निधि की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्निवाल के प्रचार-प्रसार को मंच से गुब्बारों को उड़ाया गया। सीएम ने कार्निवाल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विभिन्न समूहोंके स्टाल और फूलों की प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर सोलो पैराग्लाइडिंग और हाल बैलून का भी प्रदर्शन हुआ। सांसद अजय भट्ट ने प्रदेश और केन्द्र में जीरो टोलरेंस सरकार होने की बात कही। बताया कि भाजपा के नेतृत्व में विकास हो रहा है। वहीं विधायक राम सिंह कैड़ा ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण की मांग की। कार्यक्रम का संचालन राजू बिष्ट और पूरन जोशी बाला जी ने किया।
इस दौरान मीडिया सलाहाकार रमेश भट्ट, मंडी परिषद के अध्यक्ष गजराज बिष्ट, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, सहकारी बैंक अध्यक्ष राजेन्द्र नेगी, मंडलायुक्त राजीव रौतेला, जिलाधिकारी सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी विनीत कुमार समेत कई लोग थे।
यह भी पढ़ें : सीएम त्रिवेन्द्र रावत ने कहा-जीडीपी गिरने से अर्थव्यवस्था पर नहीं पड़ेगा असर
यह भी पढ़ें : भाजपा ने कुमाऊं के सभी जिलों के मंडल अध्यक्षों की सूची जारी की, देखिए जिलेवार लिस्ट