बर्फबारी देखने से चूक गए हैं तो जानिए फिर कब होने वाला है नैनीताल में हिमपात
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। जिससे कुमाऊं में बारिश और हिमपात की संभावना बन रही है। 4 से 6 जनवरी के बीच सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के दौरान कुमाऊं के कई हिस्सों में बारिश व हिमपात की सौगात मिल सकती है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। जिससे कुमाऊं में बारिश और हिमपात की संभावना बन रही है। 4 से 6 जनवरी के बीच सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के दौरान कुमाऊं के कई हिस्सों में बारिश व हिमपात की सौगात मिल सकती है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि चार जनवरी से पश्चिम विक्षोभ की गतिविधि दिखाई देने लगेगी। दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं।
कुमाऊं मंडल में कहीं कहीं पर बहुत हल्की हल्की बारिश हो सकती है। ढाई हजार मीटर से ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। 5 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ अधिक मजबूत होगा। इसकी वजह से कुमाऊं के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 2200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। ऐसे में पश्चिमी विक्षोभ उम्मीद के अनुरूप मजबूत रहता है तो क्रिसमस के बाद हुए हिमपात से इस बार अधिक बर्फबारी देखने को मिल सकती है। छह जनवरी को भी बारिश व हिमपात की संभावना बनी रहेगी।
प्रमुख स्थानों का न्यूनतम तापमान
हल्द्वानी 10.6 डिग्री
पंतनगर 6.8 डिग्री
नैनीताल 6.6 डिग्री
मुक्तेश्वर 6.1 डिग्री
अल्मोड़ा 0.4 डिग्री
चम्पावत 0.4 डिग्री
पिथौरागढ़ 2.4 डिग्री
बागेश्वर 5.3 डिग्री
दो जिलों में शून्य के करीब पारा
तराई को छोड़कर कुमाऊं के अधिकांश स्थानों पर सोमवार को मौसम साफ बना रहा। बागेश्वर में सुबह के समय आंशिक बादल छाए रहे। चंपावत और अल्मोड़ा जिले में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है। हल्द्वानी और नैनीताल के तापमान में थोड़ी तेजी आई है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 5 और 6 जनवरी को बारिश और हिमपात के बाद तापमान में एक बार फिर कमी आएगी। दो दिनों में कई जगहों पर शीत लहर चलने की संभावना रहेगी।